मेरठ: करेंसी चेस्ट में मिले 4.63 लाख के नकली नोटों की क्राइम ब्रांच करेगी जांच, एटीएस भी करेगी मॉनिटरिंग

Dimple Sirohi
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठDimple Sirohi
Fri, 25 Sep 2026 12:58 PM IST
सार

मेरठ के मंगलपांडे नगर स्थित एक्सिस बैंक की करेंसी चेस्ट में 1323 नकली नोट मिले हैं, जिनकी कीमत 4.63 लाख रुपये है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच करेगी और एटीएस मॉनिटरिंग करेगी।

Crime Branch to Probe Fake Currency Notes Worth ₹4.63 Lakh Found in Meerut Currency Chest
बैंक की करेंसी चेस्ट में नकली नोट - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र के मंगलपांडे नगर स्थित एक्सिस बैंक की शाखा के करेंसी चेस्ट में 4.63 लाख रुपये के नकली नोट मिलने के मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच करेगी। बैंक की करेंसी चेस्ट से 1323 जाली नोट बरामद हुए हैं। मामले की एटीएस भी मॉनिटरिंग करेगी। नकली नोट मिलने के बाद पुलिस और बैंक अधिकारियों में हड़कंप है।

    13 माह की रकम की जांच में मिले नकली नोट

    हरियाणा के हिसार निवासी एक्सिस बैंक प्रबंधक सरताज सिंह ने 16 सितंबर को एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति को शिकायत दी थी। बैंक प्रबंधक के अनुसार मंगलपांडे नगर स्थित करेंसी चेस्ट से एक्सिस बैंक की 186 शाखाएं जुड़ी हैं। इन शाखाओं में जमा धनराशि निरीक्षण के लिए करेंसी चेस्ट भेजी जाती है। करीब 13 माह तक प्राप्त धनराशि की जांच के दौरान नकली नोटों का पता चला।

    1323 नकली नोट बरामद

    करेंसी चेस्ट से कुल 1323 नकली नोट मिले हैं। इनमें 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोट शामिल हैं। बैंक अधिकारी अब करीब नौ महीने तक जमा हुई रकम से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य जानकारी जुटा रहे हैं। बरामद नकली नोटों को जांच के लिए नासिक भेजे जाने की तैयारी है।

    क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच

    सिविल लाइन पुलिस ने मामले की प्राथमिक रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी को सौंप दी है। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मामले की गंभीरता से जांच के निर्देश दिए हैं। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि एसएसपी ने जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। एसपी क्राइम के निर्देशन में टीम मामले की जांच करेगी।

    2024 में भी मिले थे 2.37 लाख के नकली नोट

    इसी एक्सिस बैंक में वर्ष 2024 में भी 2.37 लाख रुपये के नकली नोट मिलने का मामला सामने आया था। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी। पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी चल रही है। दो साल बाद दोबारा इसी शाखा के करेंसी चेस्ट में नकली नोट मिलने से बैंक और पुलिस अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें