एपल ने लॉन्च किया एआई हेल्थ एप: स्वास्थ्य से जुड़े सवालों का सटीक जवाब देगा, दो लाख लोगों पर होगी स्टडी
- टेक दिग्गज एपल ने हेल्थ सेक्टर में एक बड़ा कदम उठाते हुए अपना नया एआई-पावर्ड हेल्थ एप लॉन्च किया है।
- ओपनएविडेंस के साथ मिलकर एपल यह स्टडी कर रहा है कि लोग अपनी सेहत के लिए AI का इस्तेमाल कैसे करते हैं।
- यह एप मेडिकल जर्नल और क्लीनिकल डेटा के आधार पर यूजर्स के सवालों के सटीक जवाब देगा, जिससे उन्हें डॉक्टर के पास जाने से पहले सही जानकारी मिल सके।

विस्तार
आजकल चैटजीपीटी (ChatGPT) और एंथ्रोपिक (Anthropic) जैसे एआई चैटबॉट्स का इस्तेमाल सेहत से जुड़े सवालों के जवाब खोजने के लिए काफी ज्यादा हो रहा है। इसी ट्रेंड को देखते हुए अब एपल (Apple) ने भी हेल्थ सेक्टर में एक बड़ा कदम उठाया है। हालांकि, एपल बाकी एआई स्टार्टअप्स की तरह जल्दबाजी में कोई आम चैटबॉट नहीं ला रहा है, बल्कि कंपनी ने एक नया 'स्टडी एप' लॉन्च किया है, जो पूरी तरह से क्लीनिकल डेटा पर आधारित होगा।
एपल यह समझना चाहता है कि लोग अपनी सेहत से जुड़े सवालों के लिए एआई (AI) का इस्तेमाल कैसे करते हैं और उन्हें सटीक मेडिकल जवाब देकर कैसे फायदा पहुंचाया जा सकता है।
2 लाख लोगों पर स्टडी करेगा एपल
इस स्टडी के लिए एपल ने हेल्थकेयर एआई कंपनी ओपनएविडेंस के साथ साझेदारी की है। कंपनी अमेरिका में रहने वाले 21 साल से अधिक उम्र के लोगों को इसमें शामिल होने का मौका दे रही है। एपल का लक्ष्य 12 महीने से ज्यादा समय तक चलने वाली इस स्टडी में अधिकतम 2 लाख लोगों को शामिल करना है।
कैसे काम करेगा यह नया हेल्थ एप?
एपल के नए एप में यूजर्स सामान्य एआई चैटबॉट की तरह स्वास्थ्य से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे। खास बात यह है कि एप के जवाब मेडिकल रिसर्च और क्लिनिकल डेटा पर आधारित होंगे। इसके लिए द न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन, जर्नल ऑफ द अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन (जेएएमए) और नेचर जैसे प्रतिष्ठित प्रकाशनों की जानकारी का इस्तेमाल किया जाएगा।
बेहतर और पर्सनलाइज्ड जवाब पाने के लिए यूजर्स अपना 'हेल्थकिट' डेटा जैसे- हार्ट रेट, स्लीप पैटर्न, एक्टिविटी या लैब रिजल्ट्स भी एप के साथ शेयर कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि यह एप यूजर्स को डॉक्टर के पास जाने से पहले बेहतर तरीके से तैयार करने में मदद करेगा।
हेल्थ डेटा की सुरक्षा को लेकर एपल ने क्या कहा?
मेडिकल डेटा बेहद संवेदनशील होता है, इसलिए एपल ने प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखा है। कंपनी ने साफ किया है कि थर्ड-पार्टी क्लाउड पर भेजने से पहले यूजर्स के डेटा को पूरी तरह से गुमनाम कर दिया जाएगा। सबसे अहम बात, इस डेटा का इस्तेमाल किसी भी एआई मॉडल को ट्रेन करने के लिए बिल्कुल नहीं किया जाएगा। वहीं, ओपनएविडेंस कंपनी 24 घंटे के भीतर यूजर्स के सवाल और जवाब का पूरा डेटा डिलीट कर देगी।
एपल की हेल्थ एंड फिटनेस वाइस प्रेसिडेंट डॉ. सुम्बुल देसाई ने कहा, "एपल का मानना है कि जिम्मेदार इनोवेशन की शुरुआत वैज्ञानिक प्रमाणों से होती है। इस स्टडी से हमें यह समझने में मदद मिलेगी कि लोग अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में हेल्थ एआई को किस तरह इस्तेमाल करते हैं।"
हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि एपल भविष्य में इस एआई फीचर को अपने मुख्य हेल्थ एप या सिरी (Siri) में जोड़ेगा या नहीं। लेकिन इस फील्ड में संभावनाएं अपार हैं, क्योंकि ओपनएआई (OpenAI) के मुताबिक, हर हफ्ते यूजर्स 30 करोड़ से ज्यादा हेल्थ रिलेटेड सवाल एआई से पूछते हैं।
किन आईफोन यूजर्स को मिलेगा एप का एक्सेस?
फिलहाल यह ऐप अमेरिका में रहने वाले चुनिंदा यूजर्स के लिए उपलब्ध है। इसमें शामिल होने के लिए कुछ शर्तें रखी गई हैं:
- यूजर की उम्र 21 साल या उससे अधिक होनी चाहिए।
- उसके पास आईफोन 15 या इससे नया आईफोन होना चाहिए।
- आईफोन में आईओएस 26 या इससे नया सॉफ्टवेयर होना चाहिए।
- डिवाइस में एपल इंटेलिजेंस की सुविधा चालू होनी चाहिए।
- स्टडी में शामिल होने के लिए यूजर को एप के जरिए हिस्सा लेना होगा।
- खतरे में घर के स्मार्ट डिवाइस: टीवी, फ्रिज और कैमरे हैकर्स के निशाने पर, इंटरनेट वाले उपकरणों से घुसपैठ संभव
- हुवावे मेट एक्स8: 8.15 इंच की बड़ी डिस्प्ले के साथ आएगा नया फोल्डेबल फोन, मिल सकता है 16GB रैम
- सैमसंग गैलेक्सी ए18 लॉन्च: 50MP ट्रिपल कैमरा और Helio G99+ प्रोसेसर से लैस, छह जनरेशन के OS अपडेट मिलेंगे
- माइक्रोसॉफ्ट आउटेज: क्या ठप सेवाओं के बदले मुआवजा देगी कंपनी? कैसे वापस ले सकते हैं पैसे, जानिए क्या है तरीका