काम की बात: कैसे पता लगाएं कि आधार कार्ड असली है या नकली, जान लीजिए आसान तरीका

आधार कार्ड भारतीय नागरिकों की पहचान का एक बेहतरीन जरिया है। हर किसी के पास यह अहम दस्तावेज होना ही चाहिए। यह बहुत काम आता है। सरकारी कामों से लेकर घर या कार खरीदने तक, ऐसे हर काम में आधार कार्ड की जरूरत पड़ती है। इसके अलावा अगर आप कहीं किराये पर कमरा लेना चाहते हैं, तो भी आधार कार्ड की जरूरत पड़ती है। अगर आप मकान मालिक हैं और किसी को कमरा किराये पर दे रहे हैं तो यह बहुत जरूरी है कि उस व्यक्ति की पहचान का वैरिफिकेशन कर लें। अगर किराये पर कमरा लेने वाले व्यक्ति ने आपको अपने पहचान के रूप में आधार कार्ड की कॉपी दी है तो आप घर बैठे उसके आधार को वैरिफाई कर सकते हैं कि वह असली है या फर्जी। इसकी प्रक्रिया बेहद ही आसान है।आइए जानते हैं कि आधार को कैसे वैरिफाई किया जा सकता है?

दरअसल, आजकल आधार कार्ड से जुड़े धोखाधड़ी के मामले काफी बढ़ रहे हैं। इसलिए यूआईडीएआई इसको लेकर लगातार लोगों को सतर्क करता रहता है। आप भी किसी परेशानी में न फंस जाएं, इसके लिए आधार का वैरिफिकेशन जरूर कर लें।

ऑनलाइन आधार को वैरिफाई करने के लिए सबसे पहले आपको आधार की आधिकारिक वेबसाइट www.uidai.gov.in पर जाना होगा। उसके बाद वहां आधार सर्विसेज ऑप्शन के नीचे 'वैरिफाई एन आधार नंबर' विकल्प पर क्लिक करना होगा। फिर एक नया पेज खुलेगा, जहां आधार नंबर और कैप्चा कोड डालना होगा और उसके बाद 'प्रोसीड टू वेरिफाई' ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। अगर आधार नंबर सही होगा तो स्क्रीन पर 'आधार वैरिफिकेशन कंप्लीटेड' लिखकर आ जाएगा और साथ ही उस व्यक्ति से जुड़ी जानकारी भी सामने दिख जाएगी।