टेक जगत के लिए भारी रहा नवंबर: बैंकिंग से उड़ान सेवाओं तक सब ठप, वेबसाइट्स पर भी हमला; क्यों आ रहीं गड़बड़ियां

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Tue, 17 Nov 2026 03:22 PM IST
सार
  • नवंबर में टेक जगत पर गहराया संकट।
  • जेपीमॉर्गन चेस की बैंकिंग सेवाएं प्रभावित।
  • 178 वेबसाइटों में मैलवेयर डाला गया।
  • तकनीकी खराबी की वजह से एफएए ने उड़ानों पर लगाई रोक।
Banking Outages, Cyberattacks, Flight Disruptions Shake Tech World in November
एक महीने में कई बड़े साइबर हमले और आउटेज - फोटो : एआई जनरेटेड

    नवंबर की शुरुआत टेक जगत के लिए अच्छा नहीं रहा। कभी बैंकिंग सेवाएं ठप हुईं, तो कभी लाखों यूजर्स माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल और ऑफिस सेवाओं का इस्तेमाल नहीं कर पाए। इसी बीच, हैकर्स ने करीब 178 कंपनियों की वेबसाइट्स में मैलवेयर डालकर यूजर्स की पेमेंट और क्रिप्टो वॉलेट से जुड़ी जानकारी चुराने की कोशिश की। वहीं, तकनीकी गड़बड़ियों ने हवाई सेवाओं को भी प्रभावित किया और हजारों उड़ानों में देरी या उन्हें रद्द करना पड़ा। इस दौरान अमेरिका के बड़े बैंकों में शामिल जेपीमॉर्गन चेस (JPMorgan Chase) की सेवाओं में रुकावट आई। माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक, टीम्स और कोपायलट ने भी काम करना बंद कर दिया। यूनाइटेड एयरलाइंस की उड़ानों पर तकनीकी खराबी का असर पड़ा, जबकि अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की संचार व्यवस्था में आई गड़बड़ी के चलते 15 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं या देरी से चलीं।

    साइबर हमलों का दायरा भी कम नहीं रहा। करीब 178 कंपनियों की वेबसाइट्स को निशाना बनाया गया, साथ ही लाखों लोगों का निजी डेटा उजागर होने की घटनाएं भी सामने आईं। इससे पहले अक्तूबर के आखिरी दिनों में क्रिप्टो प्लेटफॉर्म बाइनेंस से जुड़ी बड़ी हैकिंग की घटना ने भी चिंता बढ़ा दी थी। बैंकिंग, साइबर सुरक्षा और हवाई सेवाओं से जुड़ी इन घटनाओं ने एक बार फिर दिखाया कि तकनीकी व्यवस्था में आई छोटी-सी गड़बड़ी भी बड़े पैमाने पर लोगों और कंपनियों को प्रभावित कर सकती है। आइए, नवंबर में अब तक सामने आई इन घटनाओं और उनके पीछे की वजहों को विस्तार से समझते हैं।

    बैंकिंग सेवाओं पर भी असर
    बैंकिंग सेवाओं पर भी असर - फोटो : amarujala.com

    जेपीमॉर्गन चेस की तकनीकी खराबी से बैंकिंग सेवाओं पर पड़ा असर

    • नवंबर में अमेरिकी बैंकिंग सेवाओं को भी तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा। 16 नवंबर को अमेरिका में हजारों ग्राहकों को अपने बैंक अकाउंट तक पहुंचने में परेशानी हुई। कई यूजर्स ने शिकायत की कि वे ट्रांजैक्शन नहीं कर पा रहे थे। कुछ लोगों को एटीएम पर कार्ड इस्तेमाल करने में भी दिक्कत आई।
    • इसके बाद अमेरिका के सबसे बड़े बैंकों में शामिल जेपीमॉर्गन चेस ने अपने सिस्टम में आई खराबी के बारे में एलान किया। बैंक का कहना था कि उसके ऑन-प्रिमाइसेस हार्डवेयर सिस्टम में एक सॉफ्टवेयर बग की वजह से यह परेशानी हुई थी। बैंक ने तो यहां तक यह भी साफ किया कि इस घटना का साइबर हमले से संबंध होने का कोई सबूत नहीं मिला।
    • हालांकि, केवल चेस के ग्राहकों ने ही परेशानी की शिकायत नहीं की। वेल्स फार्गो और बैंक ऑफ अमेरिका के कुछ ग्राहकों ने भी बैंकिंग सेवाओं में दिक्कत आने की जानकारी दी।

    क्या पूरा अमेरिकी बैंकिंग सिस्टम प्रभावित हुआ था?

    जेपीमॉर्गन चेस ने साफ किया कि यह बैंकिंग सिस्टम में आई कोई बड़ी खराबी नहीं थी। बैंक के प्रवक्ता जो इवांजेलिस्टी ने बताया कि दूसरे बैंक तभी प्रभावित हुए होंगे, जब वे चे के साथ किसी ट्रांजैक्शन में शामिल रहे होंगे। ऐसे में भी मुख्य रूप से ट्रांजैक्शन की रफ्तार धीमी हुई होगी। जेपीमॉर्गन चेस करीब 86 मिलियन ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं देता है। बैंक ने बाद में अपनी सेवाएं बहाल कर दीं।

    एक महीने में कई बड़े साइबर हमले और आउटेज
    एक महीने में कई बड़े साइबर हमले और आउटेज - फोटो : एआई जनरेटेड

    178 कंपनियों की वेबसाइटों में डाला गया मैलवेयर

    • नवंबर में सामने आई दूसरी बड़ी घटना साइबर सिक्योरिटी से जुड़ी है। इस मामले में ऑप्टिमाइजली नाम के प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके 178 अलग-अलग कंपनियों की वेबसाइटों में मैलवेयर डाला गया।
    • बता दें कि ऑप्टिमाइजली एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जिसका इस्तेमाल कंपनियां अपनी वेबसाइट्स पर ए या बी टेस्टिंग जैसे कामों के लिए करती हैं। इसके जरिए कंपनियां वेबसाइट के अलग-अलग डिजाइन और फीचर्स को परखती हैं।
    • रिपोर्ट यूआरआई (Report URI) के शोधकर्ताओं ने इस साइबर सुरक्षा घटना का पता लगाया। उनकी रिपोर्ट में सामने आया कि एक हैकर ने ऑप्टिमाइजली प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके कई कंपनियों की वेबसाइट्स में मैलवेयर डाल दिया गया था।

    किन बड़ी कंपनियों की वेबसाइटें हुईं प्रभावित?

    • इस घटना में कई जानी-मानी कंपनियों की वेबसाइटों का नाम सामने आया। इनमें जूम, बीबीसी, सीएनएन, एचएसबीसी, सेल्सफोर्स, आईकीआ, एयरफ्रांस-केएलएम शामिल हैं।
    • इसके खतरों की बात करें तो इस मैलवेयर के जरिए हैकर उन यूजर्स की संवेदनशील जानकारी चुरा सकता था, जो इन वेबसाइट्स पर आते थे। इसमें क्रिप्टो वॉलेट और पेमेंट से जुड़ी जानकारी शामिल थी। रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना से जुड़े एक क्रिप्टो वॉलेट में करीब 7,040 डॉलर यानी लगभग 6.6 लाख रुपये पहुंचे। हालांकि, ऑप्टिमाइजली ने इस सुरक्षा कमी को ठीक कर दिया है। कंपनी ने प्रभावित सभी ग्राहकों को इस घटना की जानकारी भी दे दी है।