ट्रेनों की तरह मोबाइल पर मिलेगी बसों की लोकेशन, ट्रैक योर बस एप से बचेगा यात्रियों का समय

रोडवेज बस यात्रियों को अब बस के इंतजार में घंटों नहीं बिताने होंगे। वे ट्रेनों की तरह मोबाइल पर बसों की लोकेशन भी जान सकेंगे। परिवहन निगम इसके लिए ट्रैक योर बस एप शुरू करने जा रहा है। सेवा कोड से यात्री बसों की लोकेशन देख सकेंगे। शासन ने डिपो से बसों के नंबरों की सूची मांग ली है।
चालकों की मनमानी के चलते रोडवेज बसों का समय निर्धारित नहीं हो पा रहा। कभी भोजन, कभी किसी के इंतजार में चाहे जहां चाहे बस खड़ी करने में भी यह संकोच नहीं करते। मोबाइल एप सेवा शुरू होने के बाद इसमें ब्रेक लगेगा। क्योंकि हर बस की लोकेशन लखनऊ स्थित मुख्यालय पर देखी जाएगी।
परिवहन निगम ने मोबाइल सेवा कोड शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए मुख्यालय आईटी दफ्तर में काम शुरू हो गया है। इस मोबाइल एप के जरिए यात्री घर बैठे बस की लोकेशन देख सकेंगे। ताकि बस के आने के समय के हिसाब से घर से निकल सकें। यह सुविधा अन्य राज्यों में अभी चल रही है।
अनजान यात्रियों के लिए बेहतर रहेगी सुविधा
बसों के लिए स्टैंड पर अनजान यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशान होना पड़ता है। अक्सर बस का इंतजार करते-करते उनके कुछ जरूरी काम छूट जाते है।
दूरी व किराए की मिलेगी जानकारी
मोबाइल एप शुरू होने से यात्री जहां जाना चाहते हैं। उसकी दूरी व किराए की भी जानकारी ले सकते हैं। अभी तक यात्रियों को पूछताछ काउंटर पर लाइन लगानी पड़ती थी। अब इससे भी जल्द निजात मिल जाएगी।
बसों की मोबाइल पर लोकेशन देखने की सुविधा जल्द ही शुरू हो जाएगी। इसके लिए एक सेवा कोड बनेगा, जो लखनऊ स्थित मुख्यालय से कनेक्ट होगा। निगम की बसों के कोड फीड किए जाएंगे। ताकि किसी भी क्षेत्र में बसों की जानकारी की जा सके।मदनलाल, एआएम