भारतीय युवाओं ने एलोवेरा से बनाई बैटरी, दुनिया के टॉप आठ स्टार्टअप्स में हुए शुमार

Harendra Chaudhary
टेक डेस्क, अमर उजालाHarendra Chaudhary
Sat, 28 Sep 2019 04:11 PM IST
Two youths from India selected for innovation summit barcelona to develop aloe vera battery startups
Aloe-Ecell Nimisha Varma and Naveen Suman - फोटो : Twitter

    दुनियाभर में क्लाइमेट चेंज को लेकर चल रही बहस के बीच देश के दो युवाओं ने ऐसी बैटरी बनाई है, जो न केवल इको-फ्रैंडली है, बल्कि जहरीली भी नहीं है। इन युवाओं ने इस बैटरी में ऐसे पदार्थों का इस्तेमाल किया है, जो कि सौंदर्य प्रसाधनों और दवाइयों में इस्तेमाल किए जाते हैं। इन बैटरियों को बनाने वाले युवाओं के अविष्कार को दुनिया के टॉप आठ स्टार्टअप्स में शामिल किया गया है और अब इन्हें स्पेन आमंत्रित किया गया है।

    इन बैटरियों को घड़ियों, रिमोट, और खिलौनों में इस्तेमाल किया जा सकता है। खास बात यह है कि बैटरी में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रोलाइट प्राकृतिक तत्वों से बनाए गए हैं। इन्हें अक्टूबर में होने वाले ‘इनोवेशन समिट 2019’ बार्सिलोना में आमंत्रित किया गया है। इस इवेंट को जर्मनी की जानी-मानी कंपनी शिंडर इलेक्ट्रिक आयोजित करती है, जो 2015 से 2025 के बीच सस्टेनेबल डेवलेपमेंट पर काम कर रही है।

    इस प्रतियोगिता में कई स्टार्टअप्स लिस्टेड हुए थे, जिसके बाद उनके स्टार्टअप को जगह मिली। हालांकि यह पहली बार नहीं है कि वे भारत का पहली बार प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, इससे पहले अमेरिका, संयुक्त अरब अमिरात, स्पेन, थाईलैंड में भी उनके स्टार्टअप को सराहना मिल चुकी है।