ट्राई का प्रस्ताव, 2 पैसे प्रति एमबी के दर से दी जाए वाई-फाई

टेलिकॉम कंपनियों के बीच ग्राहकों को सस्ते डाटा देने की होड़ मची है। इसी बीच टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) बेहद ही कम दाम में हाई-स्पीड वाई-फाई देने की योजना बना रही है। इसके लिए ट्राई देश की सभी टेलिकॉम कंपनियों और छोटे उद्यमियों की मदद लेगा।
दरअसल ट्राई की योजना देश भर में 2 पैसे प्रति एमबी की दर से वाई-फाई देने की है। दूसरे शब्दों में कहें तो यदि इस योजना पर मुहर लग जाती है तो आपको सिर्फ 20.48 रुपये में 1 जीबी डाटा मिलेगा। ट्राई चाहता है कि देश में उन इलाकों के लोग भी इंटरनेट चला सकें जहां टेलिकॉम कंपनियां इंटरनेट नहीं पहुंचा पा रही हैं। ट्राई का कहना है कि इससे टेलिकॉम कंपनियों की कॉलिंग सर्विस की गुणवत्ता सुधरेगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद यूजर अपने मौजूदा मोबाइल नेटवर्क के अलावा सस्ते पब्लिक वाई-फाई हॉट्स-पॉट की ओर रुख करेंगे। उदाहरण के तौर पर यदि आपके इलाके में किसी टेलिकॉम कंपनी का नेटवर्क नहीं है लेकिन आप इंटरनेट यूज करना चाहते हैं तो आप वहां के वाई-फाई प्रोवाइडर्स से संपर्क कर सकते हैं जो आपको 2 पैसे प्रति एमबी की दर से वाई-फाई देगा।