काम की बात: पेटीएम वाला मोबाइल चोरी हो जाए तो तुरंत करें ये काम, वरना खाली हो जाएगा आपका बैंक अकाउंट
आज कई राष्ट्रीय बैंकों के क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, और नेटबैंकिंग भुगतान के साथ पेटीएम की भागीदारी है और लोग घर बैठे ही इसके माध्यम से हर तरह का ऑनलाइन भुगतान झट से कर देते हैं।
इसलिए यह जानना आपके लिए बहुत जरूरी है कि अगर वह मोबाइल चोरी हो जाए, जिसमें आपका पेटीएम एप मौजूद है तो अपने अकाउंट को कैसे ब्लॉक करें?

विस्तार
पेटीएम एक ई-कॉमर्स शॉपिंग वेबसाइट है, जिसका इस्तेमाल आज करोड़ों लोग कर रहे हैं। कुछ छोटी-मोटी दुकानों को छोड़ दें तो आज देशभर की हर छोटी-बड़ी दुकानें, मॉल आदि में आपको पेटीएम की सुविधा मिल जाएगी। पेटीएम के माध्यम से आप शॉपिंग से लेकर ट्रेन और हवाई जहाज की टिकट बुकिंग, मोबाइल और डिश रिचार्ज और फिल्मों के टिकट भी खरीद सकते हैं।
आज कई राष्ट्रीय बैंकों के क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, और नेटबैंकिंग भुगतान के साथ पेटीएम की भागीदारी है और लोग घर बैठे ही इसके माध्यम से हर तरह का ऑनलाइन भुगतान झट से कर देते हैं। ऐसे में इसकी सुरक्षा भी जरूरी है। अगर आप भी पेटीएम का इस्तेमाल करते हैं तो यह जानना आपके लिए बहुत जरूरी है कि अगर वह मोबाइल चोरी हो जाए, जिसमें आपका पेटीएम एप मौजूद है तो अपने अकाउंट को कैसे ब्लॉक करें, ताकि आपके पैसे सुरक्षित रहें।
अक्सर लोगों का पेटीएम अकाउंट यूपीआई के जरिये बैंक अकाउंट से जुड़ा होता है, ऐसे में मोबाइल चोरी होने पर खाते से पैसे निकलने का भी डर बना रहता है। इसलिए यह जरूरी है कि चोरी हुए फोन में मौजूद अपने पेटीएम अकाउंट को आप समय रहते डिलीट या ब्लॉक कर दें।आइए जानते हैं इसका उपाय क्या है?
ये टिप्स अपनाएं
चोरी हुए मोबाइल फोन से पेटीएम अकाउंट को डिलीट या ब्लॉक करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 01204456456 जारी किया गया है।इस नंबर पर कॉल करने के बाद आपको बताए गए विकल्पों में lost phone का ऑप्शन चुनना होगा।फिर आपसे एक वैकल्पिक मोबाइल नंबर मांगा जाएगा।आप चाहें तो माता-पिता या भाई-बहन या पति-पत्नी में से किसी का भी नंबर दर्ज करा सकते हैं।इसके बाद आप अपना पेटीएम नंबर सबमिट करें और log out from all device के ऑप्शन को चुनें।बस आपके स्मार्टफोन से आपका पेटीएम अकाउंट अपने आप Logout हो जाएगा।अब आपके अलावा कोई भी दूसरा व्यक्ति उसे दोबारा लॉगिन नहीं कर सकता।इस तरह से आपके पेटीएम अकाउंट में पड़े पैसे और बैंक अकाउंट में पड़े पैसे, दोनों सुरक्षित रहेंगे।