लॉन्च हुआ 'Tarang Sanchar', ऐसे चेक करें अपने इलाके का मोबाइल टावर रेडिएशन

डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्यूनिकेशन ने मंगलवार को तरंग संचार Tarang Sanchar नाम से एक पोर्टल लॉन्च किया है जिसकी मदद से आप अपने इलाके में मोबाइल टावर के रेडिएशन को चेक कर सकेंगे।तरंग संचार के लॉन्चिंग के मौके पर टेलीकॉम मिनिस्टर मनोज सिन्हा ने कहा कि यह पोर्टल मोबाइल टावर से निकलने वाले रेडिएशन के बारे में लोगों को अवगत कराने में मदद करेगा।
ये भी पढ़ें- ट्विटर पर अब देख सकेंगे फेसबुक की तरह लाइव टीवी
उन्होंने आगे कहा कि यह पोर्टल मोबाइल यूजर्स को एक क्लिक पर अपने इलाके में काम कर रहे मोबाइल टावर्स के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे और यदि इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड (ईएमएफ) तय मानकों के अनुरूप नहीं है तो उसकी शिकायत भी कर सकेंगे। यदि टेलीकॉम कंपनियां दोषी पाई जाती हैं तो उनके ऊपर 10 लाख तक का जुर्माना लग सकता है।
बता दें कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने ग्वालियर के 42 वर्षीय कैंसर पीड़ित व्यक्ति की याचिका पर सुनवाई के बाद टावर को 7 दिन में बंद करने का आदेश दिया था। याचिका में कहा गया था कि घर के पास मोबाइल टावर होने के कारण कैंसर हुआ है। हालांकि वर्ल्ड हेल्थ आर्गेनाइजेशन की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक अभी तक कोई ऐसा सबूत नहीं मिला है जिससे साबित हो कि मोबाइल टावर से निकलने वाली तरंगों से कैंसर या दूसरी बीमारी होती है।