Twitter Controversy: केंद्र सरकार के आदेश के खिलाफ हाई कोर्ट पहुंचा ट्विटर, वैष्णव बोले- तय करेंगे सोशल मीडिया की जवाबदेही

विशाल मैथिल
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीविशाल मैथिल
Tue, 05 Jul 2022 09:03 PM IST
सार

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सोशल मीडिया और इसकी पहुंच के कारण भारत सरकार सोशल मीडिया को इसके कंटेंट के लिए जवाबदेह बनाएगा।

Social Controversy Twitter raised the demand to withdraw indian government order vaishnav said India in process to hold social media accountable
ट्विटर - फोटो : सोशल मीडिया

    विस्तार

    सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर और भारत सरकार के बीच का विवाद एक बार फिर सामने आया है। ट्विटर ने कंटेंट को लेकर भारत सरकार के कुछ निर्देशों को वापस लेने की मांग की है। ट्विटर ने इसे लेकर कर्नाटक हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है। सूत्रों के अनुसार कंपनी ने इसे अधिकारियों द्वारा सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कानूनी रूप से चुनौती दी है।

    ट्विटर ने कहा, केंद्र सरकार का आदेश मनमाना

    माइक्रोब्लॉगिंग साइट ने जून 2022 में जारी एक सरकारी आदेश को चुनौती दी है, जिसमें कहा गया है कि केंद्र का आदेश मनमाना है। ट्विटर की रिट याचिका से अवगत सूत्रों ने बताया कि सरकार द्वारा किए गए कई अनुरोध कथित रूप से राजनीतिक सामग्री के खिलाफ कार्रवाई के लिए हैं जो राजनीतिक दलों के आधिकारिक हैंडल द्वारा पोस्ट किए गए हैं और इस तरह की जानकारी को ब्लॉक करने का विचार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी का उल्लंघन है।

    सूत्र ने कहा, ब्लॉक किए जाने के लिए अनुरोध की गई सामग्री का धारा 69ए के तहत जमीनी स्तर पर कोई स्पष्ट संबंध नहीं है। इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने एक ट्वीट में कहा कि सभी सोशल मीडिया मंचों को अदालत जाने का अधिकार है, लेकिन कानूनों का पालन करने के लिए उनका स्पष्ट दायित्व है। चंद्रशेखर ने ट्वीट किया, भारत में सभी विदेशी इंटरनेट बिचौलियों/प्लेटफॉर्मों को अदालत और न्यायिक समीक्षा का अधिकार है। लेकिन यहां काम करने वाले सभी मध्यस्थों/प्लेटफॉर्मों का हमारे कानूनों और नियमों का पालन करने के लिए स्पष्ट दायित्व है।

    Twitter Controversy: केंद्र सरकार के आदेश के खिलाफ हाई कोर्ट पहुंचा ट्विटर, वैष्णव बोले- तय करेंगे सोशल मीडिया की जवाबदेही

    सोशल मीडिया की जवाबदेही तय करेगी सरकार

    वहीं, केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कहा कि सोशल मीडिया और इसकी पहुंच के कारण भारत सरकार सोशल मीडिया को इसके कंटेंट के लिए जवाबदेह बनाएगा। वैष्णव ने कहा कि सोशल मीडिया की जवाबदेही विश्व स्तर पर एक बड़ा प्रश्न बन गया है। इसे जवाबदेह ठहराना महत्वपूर्ण है, जो पहले स्व- नियमन से शुरू होगा फिर उद्योग नियमन और उसके बाद सरकारी नियमन। ट्विटर का हवाला देते हुए वैष्णव ने कहा कि चाहे वह कोई भी कंपनी हो, किसी भी क्षेत्र में उन्हें भारत के कानूनों का पालन करना चाहिए।

    दरअसल, पिछले महीने के अंत में आईटी मंत्रालय ने ट्विटर को पिछले एक साल में एक स्वतंत्र सिख राज्य (खालिस्तान) की मांग करने, उसका समर्थन करने वाले अकाउंट्स और ट्वीट्स पर कार्रवाई करने के लिए कहा था। इन ट्वीट्स में कोरोना माहामारी से निपटने में भारत सरकार की आलोचना का गई थी। आईटी मंत्रालय के इस आदेश का ट्विटर ने पालन नहीं किया।

    अमेरिकी कंपनी ट्विटर की कानूनी चुनौती से आईटी मंत्रालय के साथ टकराव के हालात बन सकते हैं। इससे पहले भारत सरकार ने कहा था कि ट्विटर सहित बड़ी सोशल मीडिया फर्मों ने कानूनी स्थिति के बावजूद देश विरोधी कंटेंट हटाने के अनुरोध का पालन नहीं किया है। आईटी मंत्रालय के आदेश का पालन नहीं करने पर ट्विटर ने तर्क दिया है कि आदेश में कुछ नियम ऐसे हैं जो यूजर्स पर लागू नहीं होते हैं।

    अनुसंधान फर्मों के अनुसार भारत में सोशल मीडिया के 518 मिलियन यानी (51.8 करोड़) उपयोगकर्ता हैं। जबकि ट्विटर का उपयोग करने वालों की संख्या लगभग 24 मिलियन हैं।