रिपोर्ट: वाट्सएप, फेसबुक, यूट्यूब का समाचार पाने में व्यापक इस्तेमाल, गलत सूचनाओं का खतरा भी
न्यूज जानने के लिए वाट्सएप, फेसबुक व यूट्यूब का व्यापक इस्तेमाल हो रहा है। हालांकि इनका बड़ा खतरा भी है, क्योंकि इनसे भ्रामक, गलत व नफरत भरी खबरें भी फैलाई जा सकती हैं।

विस्तार
भारत में बीते कुछ समय से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे वाट्सएप, यूट्यूब व फेसबुक का समाचार जानने के लिए बड़े पैमाने पर इस्तेमाल हो रहा है। रॉयटर्स इंस्टीट्यूट की वार्षिक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। इसके चलते टीवी का इस्तेमाल कम कम हुआ है।
एक वैश्विक सर्वे के मुताबिक भारत दुनिया में मोबाइल आधारित मजबूत बाजारों में से एक बनकर उभरा है। सर्वे के अनुसार भारत के 73 फीसदी लोग अपने स्मार्टफोन के जरिए खबरें पा रहे हैं, जबकि 37 फीसदी कंप्यूटर का इस्तेमाल कर रहे हैं।
60 करोड़ इंटरनेट यूजर्स में से अधिकांश मोबाइल चला रहे
कंप्यूटर के मुकाबले स्मार्टफोन के ज्यादा इस्तेमाल की वजह यह है कि देश के 60 करोड़ इंटरनेट यूजर्स में से अधिकांश मोबाइल फोनों के जरिए ही इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं। सस्ते डेटा शुल्क व सस्ते इंस्ट्रुमेंट्स के कारण भी ऐसा हो रहा है। सर्वे में शामिल आधे से ज्यादा लोगों ने बताया कि वे न्यूज के लिए वाट्सएप या यूट्यूब का इस्तेमाल करते हैं।
82 फीसदी लोग न्यूज के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्मका कर रहे इस्तेमाल
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि समाचारों के लिए सोशल मीडिया पर बढ़ती निर्भरता गलत, भ्रामक सूचनाओं के प्रसार व नफरत वाले भाषणों से खतरा भी बढ़ा रही है। सर्वे के अनुसार सर्वे में शामिल 59 फीसदी लोगों ने कहा कि वे न्यूज पाने के लिए टीवी देखते हैं, जबकि 82 फीसदी ने कहा कि वे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं। इन लोगों के अधिकांश अंग्रेजी भाषा लोग हैं।
रॉयटर्स इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी आफ जर्नलिज्म की रिपोर्ट में कहा गया है कि फेसबुक को भ्रामक व झूठी सूचनाएं फैलाने वाला प्रमुख स्रोत बनाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार वाट्सएप जैसा मैसेजिंग एप भी बड़ी समस्या बन गया है। इंस्टीट्यूट के सीनियर रिसर्च एसोसिएट निक न्यूमैन ने कहा कि ब्राजील व इंडोनेशिया जैसे देशों में यह बड़ी समस्या बनकर उभरा है।