National Startup Conference: ONDC बन सकता है अगला UPI, केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने दिया सुझाव
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम ONDC को बढ़ाकर अगला UPI बना सकतें हैं। हमें इसे गंभीरता से लेना है और आपको यह देखना बिजनेस में कैसे इसका फायदा ले सकते हैं।

विस्तार
भारत में जल्द ही एक और नया यूपीआई प्लेटफार्म बन सकता है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कहा कि ONDC (ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स) को अगला UPI (यूनिफाइड पैमेंट इंटरफेस) बनाया जा सकता है। यह देश का सबसे सक्सेसफुल डिजिटल प्रोडक्ट होगा। उन्होंने कहा कि ONDC से ऑनलाइन ई-कॉमर्स, बिजनस-टू- बिजनेस और फुटकर विक्रेताओं के साथ काम करने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी।
वैष्णव ने नेशनल स्टार्टअप कॉन्फ्रेंस में कहा कि क्या हम ONDC को बढ़ाकर अगला UPI बना सकता है। मैं चाहता हूं कि हम इसे गंभीरता से लें। मुझे विश्वास है कि ONDC अगला UPI बन सकता है। यह देखें कि आप इसका अपने बिजनेस में कैसे फायदा ले सकते हैं।
पायलट फेज में लॉन्च हुआ है ONDC
इस साल अप्रैल में ही केंद्र सरकार ने ONDC को देश के पांच शहरों दिल्ली एनसीआर, बैंगलोर, भोपाल, शिलोंग और कोयंबटूर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लॉन्च किया था। यह इलेक्ट्रॉनिक नेटवर्क के माध्यम से वस्तुओं और सेवाओं के आदान-प्रदान के सभी पहलुओं के लिए एक खुले मंच को बढ़ावा देने के लिए सरकार की एक पहल है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपभोक्ता किसी भी ONDC कंपेटिबल एप्लिकेशन या प्लेटफॉर्म का उपयोग करके संभावित रूप से किसी भी विक्रेता, उत्पाद या सेवा की खोज कर सकते हैं, जिससे उपभोक्ताओं के लिए अपने पसंद से चुनाव करने के लिए ऑप्शन बढ़ जाएंगे। वैष्णव ने स्टार्टअप उद्यमियों से UPI लेने का भी आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि जब केंद्र ने स्टार्टअप इंडिया पहल शुरू की थी, तब राजनीतिक विरोधियों ने इसकी विफलता की भविष्यवाणी करते हुए कहा था कि यह सिर्फ एक जुमला है। अब जो बदलाव हुआ है, उसे देखें। भारत में वर्तमान में लगभग 70,000 स्टार्टअप और 100 से अधिक यूनिकॉर्न हैं। दूसरे देशों के मंत्रियों का पहला सवाल यह है कि हम इतने कम समय में इस तरह का स्टार्टअप इकोसिस्टम कैसे बना पाए।