Mobile Network: राष्ट्रीय राजमार्गों पर बेहतर होगा मोबाइल नेटवर्क; NHAI ने दूरसंचार विभाग और TRAI से मांगी मदद

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Tue, 06 Jan 2026 01:51 PM IST
सार

राष्ट्रीय राजमार्गों पर कमजोर मोबाइल नेटवर्क को लेकर NHAI ने DoT और TRAI से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। NHAI के आकलन के अनुसार, लगभग 1,750 किलोमीटर के हाईवे नेटवर्क में 424 ऐसे स्थान हैं जहां मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं है।

NHAI Seeks DoT and TRAI Intervention to Improve Mobile Connectivity on National Highways
NHAI ने मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए दूरसंचार विभाग (DoT) और भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

    विस्तार

    भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कहा कि उसने राष्ट्रीय राजमार्गों (नेशनल हाईवे) पर मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए दूरसंचार विभाग (DoT) और भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। NHAI के जरिए किए गए एक व्यापक मूल्यांकन के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के लगभग 1,750 किलोमीटर क्षेत्र में 424 ऐसे स्थानों की पहचान की गई है। जहां मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता एक गंभीर समस्या बनी हुई है।

    कनेक्टिविटी की कमी से परिचालन में बाधा

    NHAI ने एक बयान में कहा कि राजमार्गों के कई हिस्सों, विशेष रूप से ग्रीनफील्ड और दूरदराज के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी होती है। प्राधिकरण ने DoT और TRAI से आग्रह किया है कि वे दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (TSPs) को इन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सुधारने के लिए उचित निर्देश जारी करें।

    NHAI ने इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग दूरदराज और ग्रामीण इलाकों से होकर गुजरते हैं। नेटवर्क न होने से आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र (इमरजेंसी रिस्पॉन्स) प्रभावित होता है। तकनीक-आधारित सार्वजनिक सेवाओं की डिलीवरी में बाधा आती है। यह सीधे तौर पर सार्वजनिक सुरक्षा और रणनीतिक महत्व से जुड़ा मामला है।

    सड़क सुरक्षा के लिए 'स्मार्ट अलर्ट' की पहल

    नेटवर्क सुधार के साथ-साथ, NHAI ने TRAI से एक और महत्वपूर्ण अनुरोध किया है। प्राधिकरण चाहता है कि दूरसंचार कंपनियां दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और उन हिस्सों में जहां आवारा पशुओं का खतरा ज्यादा है। वहां यात्रियों को SMS या फ्लैश अलर्ट भेजें। NHAI ने कहा कि 'इन अलर्ट का उद्देश्य सड़क उपयोगकर्ताओं को उन स्थानों पर पहुंचने से पहले सचेत करना है, ताकि वे सावधानी बरत सकें और सुरक्षित ड्राइविंग सुनिश्चित हो सके'।

    डिजिटल और सुरक्षित सफर का लक्ष्य

    NHAI ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और आवारा पशुओं की आवाजाही वाले हिस्सों की सूची TRAI के साथ साझा कर दी है। इस पहल के माध्यम से NHAI का लक्ष्य राष्ट्रीय राजमार्गों को न केवल भौतिक रूप से बल्कि डिजिटल रूप से भी सक्षम बनाना है, ताकि यात्रियों का सफर सुरक्षित और सुगम हो सके।