YouTube Shorts: अब यूट्यूब शॉर्ट्स को 'डिसलाइक' करना नहीं होगा आसान, बटन की जगह और काम दोनों बदल रहे
अगर आप YouTube Shorts पर वीडियो को तुरंत डिसलाइक कर देते हैं, तो जल्द ही यह आसान नहीं रहेगा। यूट्यूब डिसलाइक बटन के डिजाइन, पोजिशन और फंक्शन में बड़ा बदलाव करने जा रही है, जिससे यूजर्स का एक्सपीरियंस और एल्गोरिद्म दोनों प्रभावित होंगे।

विस्तार
यूट्यूब शॉर्ट्स देखते समय अगर आपको कोई वीडियो पसंद नहीं आता, तो आप झट से डिसलाइक बटन दबा देते हैं। लेकिन अब ऐसा करना थोड़ा मुश्किल होने वाला है। यूट्यूब अपने प्लेटफॉर्म पर एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है, जिससे डिसलाइक बटन की न सिर्फ जगह बदल जाएगी, बल्कि उसके काम करने का तरीका भी पूरी तरह बदल जाएगा। फिलहाल इस नए डिजाइन की टेस्टिंग चल रही है और जल्द ही यह आपके फोन पर भी नजर आ सकता है।
एक बटन से होंगे दो काम
लेटेस्ट रिपोर्ट्स की मानें तो यूट्यूब अब 'डिसलाइक' (Dislike) और 'नॉट इंटरेस्टेड' (Not Interested) बटन को एक साथ जोड़ने की तैयारी में है। यानी अब ये दोनों अलग-अलग बटन नहीं रहेंगे। कंपनी का मानना है कि कई यूजर्स इन दोनों के बीच के फर्क को नहीं समझ पाते थे, इसलिए इस उलझन को खत्म करने के लिए इन्हें मर्ज किया जा रहा है। अब एक ही बटन से आप अपनी नापसंदगी जता सकेंगे।
तीन बिंदुओं के पीछे छिपेगा बटन
अभी तक डिसलाइक बटन लाइक बटन के ठीक नीचे या पास में नजर आता था, लेकिन अब यह स्क्रीन से गायब होकर 'थ्री-डॉट' (3-dot) मेनू के अंदर चला जाएगा। इसका मतलब है कि अगर आप किसी शॉर्ट्स वीडियो को नापसंद करना चाहते हैं, तो आपको पहले मेनू खोलना होगा और फिर वहां जाकर डिसलाइक का चुनाव करना होगा। इस कदम से यूट्यूब के एल्गोरिद्म को यह समझने में आसानी होगी कि आपको किस तरह का कंटेंट पसंद नहीं है, ताकि वह भविष्य में आपको आपकी पसंद की चीजें ही दिखाए।
यूजर्स की पसंद का रखा जा रहा ख्याल
यूट्यूब का कहना है कि यह बदलाव शॉर्ट्स देखने के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। इससे पहले भी यूट्यूब ने डिसलाइक बटन को पूरी तरह छिपाने का प्रयोग किया था। अब इस नए अपडेट का मकसद यह है कि यूजर और एल्गोरिद्म के बीच तालमेल बेहतर हो सके। अगर आप किसी वीडियो को मेनू में जाकर डिसलाइक करते हैं, तो सिस्टम तुरंत समझ जाएगा कि आपको यह टॉपिक पसंद नहीं आया और आपकी फीड से ऐसी वीडियो हटा दी जाएंगी।
- Pollution: कभी स्मॉग की चादर में ढका रहता था चीन, टेक्नोलॉजी के दम पर जीती प्रदूषण से जंग, जानें पूरी कहानी
- Tips: गूगल क्रोम चलाने का अंदाज बदल देंगी 4 जादुई ट्रिक्स! नहीं पड़ेगी एक्सटेंशन की जरूरत, फास्ट होगा कंप्यूटर
- Instagram Hashtags: अब Reels और Post में लगा पाएंगे सिर्फ 5 हैशटैग, जानिए क्या होगा फायदा
- YouTube Down: भारत और अमेरिका समेत दुनिया भर में डाउन हुआ यूट्यूब, घंटों परेशान रहे यूजर्स, जानें क्या रही वजह