X: क्या ब्रिटेन में हमेशा के लिए बैन हो जाएगा एलन मस्क का एक्स? एआई चैटबॉट ग्रोक की 'इस' गलती से सरकार सख्त

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Fri, 09 Jan 2026 10:35 AM IST
सार

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ब्रिटेन में गंभीर संकट का सामना कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एआई चैटबॉट ग्रोक के जरिए महिलाओं और बच्चों की आपत्तिजनक तस्वीरें जेनरेट किए जाने के बाद ब्रिटेन सरकार एक्स पर प्रतिबंध लगाने तक पर विचार कर रही है।

Will Elon Musk’s X Be Banned in the UK? Grok AI Controversy Puts Platform Under Government Scrutiny
ग्रोक (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : X / @grok

    विस्तार

    एलन मस्क का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ब्रिटेन में बड़ी मुसीबत में फंसता नजर आ रहा है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन सरकार एक्स को बैन करने पर विचार कर रही है। इसके पीछे की वजह एक्स का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) चैटबॉट 'ग्रोक' है, जिसने हाल ही में महिलाओं और बच्चों की आपत्तिजनक तस्वीरें जेनरेट की हैं।

    क्या है पूरा मामला?

    'द टेलीग्राफ' की रिपोर्ट के अनुसार, एक्स के एआई चैटबॉट ग्रोक का इस्तेमाल करके महिलाओं और बच्चों की 'आपत्तिजनक तस्वीरें' बनाई गई हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इस टूल का इस्तेमाल करके बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी तस्वीरें भी जेनरेट की गईं, जो डार्क वेब पर शेयर की जा रही थीं। इस खुलासे के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने मीडिया रेगुलेटर ऑफकॉम से कहा है कि इस मामले में "सभी विकल्प खुले रखे जाएं"। इसका मतलब है कि अगर जरूरत पड़ी तो ब्रिटेन में एक्स को पूरी तरह ब्लॉक भी किया जा सकता है।

    ब्रिटेन के पीएम की सख्त चेतावनी

    प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने एक्स को चेतावनी देते हुए कहा है कि कंपनी को अपनी व्यवस्था सुधारनी होगी और इस तरह के कंटेंट को तुरंत हटाना होगा। उन्होंने कहा, "यह गलत है, यह गैरकानूनी है और हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे"। डाउनिंग स्ट्रीट (पीएम ऑफिस) के सूत्रों के मुताबिक, ब्रिटेन के ऑनलाइन सेफ्टी एक्ट के तहत सरकार के पास यह अधिकार है कि वह नियमों का पालन न करने वाली सोशल मीडिया साइट्स पर अरबों पाउंड का जुर्माना लगा सके या उन्हें देश में ब्लॉक कर दे।

    ऑफकॉम उठा सकता है बड़ा कदम

    ब्रिटेन का टेक्नोलॉजी वॉचडॉग 'ऑफकॉम' इस मामले की जांच कर सकता है। अगर जांच में एक्स दोषी पाया जाता है और वह समस्या को ठीक करने से मना करता है, तो ऑफकॉम कोर्ट के जरिए इंटरनेट कंपनियों और एप स्टोर्स को एक्स को ब्लॉक करने का आदेश दे सकता है। हालांकि, आज तक इस शक्ति का इस्तेमाल नहीं किया गया है, लेकिन यह पहला बड़ा मामला बन सकता है।

    एलन मस्क का क्या कहना है?

    एलन मस्क पहले भी ब्रिटेन के 'ऑनलाइन सेफ्टी एक्ट' की आलोचना कर चुके हैं। उनका कहना है कि इस कानून का मकसद "लोगों की आवाज को दबाना" है। बता दें कि एक्स के दुनिया भर में करीब 65 करोड़ यूजर हैं, जिनमें से 2 करोड़ यूजर अकेले ब्रिटेन में हैं। अगर यह बैन लागू होता है, तो यह मस्क के प्लेटफॉर्म के लिए एक बहुत बड़ा झटका होगा।