खुशखबर: WhatsApp से पेमेंट करने पर मिल रहा 33 रुपये का कैशबैक, यह है तरीका
यदि आपके व्हाट्सएप में ऐसा कुछ दिख रहा है तो आप किसी भी अन्य व्हाट्सएप यूपीआई पेमेंट यूजर को पैसे भेजकर 33 रुपये तक का कैशबैक हासिल कर सकते हैं।

विस्तार
व्हाट्सएप ने यूपीआई आधारित डिजिटल पेमेंट सर्विस की शुरुआत भारत में दो-तीन साल पहले की थी, हालांकि 2021 में व्हाट्सएप पेमेंट की आधिकारिक तौर पर शुरुआत हुई। शुरुआत में भी कंपनी ने कैशबैक ऑफर का एलान किया था और अब फिर से कंपनी ने कैशबैक का एलान किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक व्हाट्सएप के यूपीआई के जरिए तीन अलग-अलग कॉन्टैक्ट्स पर पैसे भेजने पर 11 रुपये तक का हर बार कैशबैक मिलेगा यानी कुल आपको 33 रुपये का कैशबैक मिलेगा।
सबसे पहले आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह कैशबैक सिर्फ उन्हीं यूजर्स को मिलेगा जिनके एप में एक गिफ्ट आइकन दिखाई दे रहा होगा। यदि आपके व्हाट्सएप में ऐसा कुछ दिख रहा है तो आप किसी भी अन्य व्हाट्सएप यूपीआई पेमेंट यूजर को पैसे भेजकर 33 रुपये तक का कैशबैक हासिल कर सकते हैं।
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि यदि आप फोनपे, गूगल पे या पेटीएम आदि पर पेमेंट करते हैं तो कैशबैक नहीं मिलेगा। बता दें कि इस महीने की शुरुआत में ही नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने व्हाट्सएप यूपीआई के लिए अतिरिक्त 6 करोड़ यूजर्स को मंजूरी दी है। सबसे पहले NPCI ने 2 करोड़ और फिर 4 करोड़ यूजर्स को मंजूरी दी थी।
इससे पहले अक्तूबर 2021 में WhatsApp ने एंड्रॉयड बीटा यूजर्स के लिए यूपीआई पेमेंट पर 51 रुपये का कैशबैक ऑफर दिया था। उस दौरान यूजर्स के एप में Give cash, get ₹51 back (कैश दें और 51 रुपये पाएं) के साथ एक बैनर दिख रहा था। बैनर के साथ यह भी लिखा हुआ है कि पांच बार तक व्हाट्सएप पे के जरिए पैसे भेजने पर हर बार 51 रुपये का कैशबैक मिलेगा यानी कुल 255 रुपये का कैशबैक मिलेगा।