Meta: वाट्सएप की नई एआई नीति को लेकर मेटा विवादों में घिरी, इस देश ने कहा अगर जिद नहीं छोड़ी तो होगी कार्रवाई

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Wed, 11 Feb 2026 12:03 PM IST
सार

EU Warning to WhatsApp:

वाट्सएप की नई एआई नीति को लेकर मेटा कंपनी विवादों में घिर गई है। यूरोपीय संघ ने मेटा को चेतावनी दी है कि अगर उसने अपने प्लेटफॉर्म पर अन्य एआई चैटबॉट्स (जैसे चैटजीपीटी या परप्लेक्सिटी) को रोकना बंद नहीं किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोप है कि मेटा बाजार में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा को खत्म कर सिर्फ अपने 'मेटा एआई' को बढ़ावा देना चाहता है।

WhatsApp Under Scrutiny as EU and India Raise Concerns Over Ban on Rival AI Chatbots
मेटा (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : एआई

    विस्तार

    फेसबुक की कंपनी वाट्सएप अब मुश्किल में फंसती नजर आ रही है। विवाद इस बात पर है कि वाट्सएप अपने प्लेटफॉर्म पर दूसरे एआई चैटबॉट्स (जैसे चैटजीपीटी) को चलने से रोक रहा है। इसी वजह से सरकारी एजेंसियां अब इसकी जांच कर रही हैं कि कहीं वाट्सएप अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल तो नहीं कर रहा।

    मेटा को यूरोपीय संघ चेतावनी: अगर जिद नहीं छोड़ी तो होगा एक्शन

    यूरोपीय संघ (ईवी) ने मेटा कंपनी को कड़ी चेतावनी दी है। उनका कहना है कि वाट्सएप पर दूसरे एआई एप्स को रोकना गलत है क्योंकि इससे बाजार में निष्पक्ष मुकाबला खत्म हो रहा है। आयोग ने साफ कहा है कि अगर मेटा ने अपनी जिद नहीं छोड़ी तो वे सख्त एक्शन लेंगे। यहां तक कि वाट्सएप को मजबूर किया जा सकता है कि वह अपने प्लेटफॉर्म पर दूसरे एआई सिस्टम को भी जगह दे।

    वाट्सएप पर अन्य एआई के रास्ते बंद

    वाट्सएप के नए नियमों की वजह से अब वहां ओपनएआई या परप्लेक्सिटी जैसे दूसरे एआई का इस्तेमाल करना मुमकिन नहीं रह गया है। अब वाट्सएप पर सिर्फ मेटा का अपना एआई (मेटा एआई) ही चलेगा। भारत के लिए यह बहुत बड़ी बात है क्योंकि यहां करीब 50 करोड़ लोग वाट्सएप चलाते हैं और अब उन सबके पास एआई के नाम पर सिर्फ एक ही विकल्प बचेगा।

    क्या कहती है वाट्सएप की नई नीति?

    अक्तूबर 2025 में वाट्सएप ने बिजनेस के लिए कुछ नए नियम बनाए जो 15 जनवरी 2026 से पूरी तरह लागू हो चुके हैं। ये नियम कुछ इस प्रकार हैं:

    बाहरी एआई पर बैन:

    अब दूसरी एआई कंपनियां वाट्सएप के जरिए अपनी सर्विस नहीं दे पाएंगी।

    मेटा का कंट्रोल:

    मेटा खुद तय करेगा कि कौन सा एआई सही है और कौन सा नियमों के खिलाफ।

    किसे छूट मिलेगी:

    अगर कोई कंपनी (जैसे कोई ट्रैवल एजेंसी) सिर्फ अपने ग्राहकों की मदद के लिए छोटा-मोटा एआई बॉट इस्तेमाल कर रही है तो उस पर कोई रोक नहीं होगी।

    भारत में CCI की चिंताएं

    भारत के बाजार में निष्पक्ष मुकाबले पर नजर रखने वाली सरकारी संस्था भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने पिछले साल एक रिपोर्ट में चेतावनी दी थी। उनका कहना है कि बड़ी टेक कंपनियों के पास बहुत ज्यादा डाटा और पावरफुल कंप्यूटर हैं जिसका उन्हें गलत फायदा मिलता है। सीसीआई का मानना है कि, "बड़ी कंपनियां अपने पास मौजूद डाटा और संसाधनों का इस्तेमाल करके बाजार पर कब्जा जमा सकती हैं। इससे नई और छोटी कंपनियों के लिए बिजनेस शुरू करना या आगे बढ़ना बहुत मुश्किल हो जाएगा।"

    ये भी पढ़ें: डीपफेक पर सरकार सख्त: 3 घंटे में हटाना होगा AI कंटेंट, सोशल मीडिया कंपनियों को नए आदेश जारी

    यह मामला तब और गंभीर हो गया है जब अमेरिका की ट्रंप सरकार और यूरोपीय संघ के बीच टेक कंपनियों को कंट्रोल करने को लेकर पहले से ही बहस चल रही है। वाट्सएप के इस कदम से ऐसा लगता है कि वह एक ऐसा पर्यावरण बना रहा है जहां सिर्फ उसका राज चले। इससे भविष्य में नई खोजों और दूसरी कंपनियों के बीच होने वाले मुकाबले को नुकसान पहुंच सकता है।