हो जाइए तैयार, WhatsApp पर भी दिखने वाले हैं विज्ञापन

अभी तक आप फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर ही आने वाले विज्ञापन को झेल रहे हैं, लेकिन जल्द ही आपको WhatsApp पर भी विज्ञापन देखने को मिल सकता है। व्हाट्सऐप के CEO और को-फाउंडर जान कौम के इस्तीफे के बाद व्हाट्ऐप पर विज्ञापन की चर्चा जोरों पर है।
जान कौम के फेसबुक से इस्तीफे के बाद से यह भी कहा जा रहा है कि व्हाट्सऐप यूजर्स की प्राइवेसी अब भगवान भरोसे ही है। Barclays के एक विश्लेषकों ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि वे पिछले कई सालों से अध्ययन कर रहे हैं और अब हम कह सकते हैं कि जान के जाने के बाद फेसबुक व्हाट्सऐप पर विज्ञापन दे सकता है।
विश्लेषकों का कहना है कि पूरी दुनिया में व्हाट्सऐप सबसे ज्यादा एक्टिव यूजर्स वाला ऐप है और इसपर लोगों का इंगेजमेंट भी 100 फीसदी है जिसका फायदा उठाने के लिए फेसबुक विज्ञापन की शुरुआत कर सकता है।
बता दें कि 1 मई को ही WhatsApp के सीईओ जान कौम (Jan Koum) ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणाी अपने फेसबुक पोस्ट पर दी है। व्हाट्सऐप के सीईओ के पद के अलावा जान कौम ने फेसबुक को भी अलविदा कह दिया है। वहीं कौम के फेसबुक पोस्ट पर फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने कमेंट में कहा कि उन्हें कौम की कमी खलेगी।
जान कौम ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ' करीब 10 साल पहले ब्रायन एक्टन और मैंने व्हाट्सऐप को शुरू किया था और कुछ अच्छे लोगों के साथ यह सफर शानदार रहा, लेकिन अब आगे बढ़ने का वक्त आ गया है। इस दौरान अच्छे लोगों का मुझे आशीर्वाद मिला और व्हाट्सऐप के प्रति लोगों की दीवानगी देखने को मिलगी।'
उन्होंने आगे लिखा, मैं ऐसे समय में कंपनी छोड़ रहा हूं जब व्हाट्सऐप का इस्तेमाल लोग मेरी कल्पना से भी ज्यादा कर रहे हैं। आज व्हाट्सऐप की टीम पहले से ज्यादा मजबूत और सक्षम है। मैं कुछ वक्त टेक्नोलॉजी से दूर होकर बिताना चाहता हूं। इस दौरान में अपनी कार में सैर करूंगा और गेम खेलूंगा। मेरे इस सफर को शानदार बनाने के लिए शुक्रिया।'