WhatsApp Update: अब चैट्स में मैसेज अपने आप होंगे ट्रांसलेट, प्राइवेसी भी रहेगी सुरक्षित
WhatsApp Automatic Message Translation:
वॉट्सएप जल्द ही एक ऐसा शानदार फीचर लाने जा रहा है, जिससे किसी भी विदेशी भाषा के मैसेज को समझना बच्चों का खेल हो जाएगा। इस नए 'इन-चैट ट्रांसलेशन' फीचर की मदद से यूज़र्स किसी भी व्यक्तिगत या ग्रुप चैट के मैसेज को अपनी पसंद की भाषा में ऑटोमैटिकली ट्रांसलेट कर सकेंगे।

विस्तार
क्या आपके पास भी कोई ऐसा दोस्त या क्लाइंट है जो ऐसी भाषा में बात करता है जिसे समझना आपके लिए मुश्किल होता है? व्हाट्सएप जल्द ही इसका एक बेहद आसान समाधान लेकर आ रहा है। अब आपको मैसेज कॉपी करके गूगल ट्रांसलेट पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
क्या है यह नया फीचर?
हाल ही में व्हाट्सएप के बीटा वर्जन में एक नया 'ट्रांसलेट मैसेज' फीचर देखा गया है। इसकी सबसे खास बात यह है कि यह 'Per-Chat' बेसिस पर काम करेगा। यानी आप किसी एक खास चैट के लिए इसे ऑन कर सकते हैं। इसके बाद उस चैट में आने वाला हर नया मैसेज अपने आप आपकी चुनी हुई भाषा में बदल जाएगा।
यह कैसे काम करेगा?
व्हाट्सएप की यह नई प्रक्रिया मौजूदा तरीके के मुकाबले काफी आसान और फ़ास्ट होने वाली है। इसके इस्तेमाल के लिए आपको बस संबंधित चैट की सेटिंग्स में जाकर इस फीचर को ऑन करना होगा, जिसके बाद आने वाले सभी मैसेज ऑटोमैटिक ट्रांसलेट होने लगेंगे। यहां आपको यह चुनने की पूरी आजादी मिलेगी कि आने वाले मैसेज किस मूल भाषा में हैं और आप उन्हें किस भाषा में पढ़ना चाहते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि यह फीचर न केवल व्यक्तिगत बातचीत बल्कि ग्रुप चैट्स में भी समान रूप से काम करेगा। इससे विदेशी भाषा बोलने वाले ग्रुप में भी तालमेल बिठाना बेहद आसान हो जाएगा।
आपकी प्राइवेसी का पूरा ध्यान
अक्सर मन में सवाल आता है कि क्या अनुवाद के चक्कर में हमारी बातें लीक होंगी? जवाब है नहीं। यह फीचर एपल के ऑन-डिवाइस लैंग्वेज पैक का इस्तेमाल करता है। इसका मतलब है कि मैसेज का अनुवाद आपके फोन के अंदर ही होगा, किसी बाहरी सर्वर पर नहीं। इससे आपकी चैट्स पहले की तरह ही एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड और सुरक्षित रहेंगी।
कौन-कौन सी भाषाएं होंगी शामिल?
चूंकि यह एपल की तकनीक पर आधारित है, इसलिए फिलहाल इसमें हिंदी, अंग्रेजी, अरबी, फ्रेंच, जर्मन, जापानी, कोरियन और स्पेनिश समेत लगभग 20+ प्रमुख भाषाएं शामिल होंगी। जैसे-जैसे एपल नई भाषाएं जोड़ेगा, व्हाट्सएप में भी उनका सपोर्ट बढ़ता जाएगा। फिलहाल यह फीचर टेस्टिंग फेज में है। उम्मीद है कि जल्द ही इसे सभी आईओएस यूजर्स के लिए रोलआउट कर दिया जाएगा।