Whatsapp New Feature: अब व्हाट्सएप में एडिट कर सकेंगे मैसेज, ऐसे काम करेगा फीचर
व्हाट्सएप (Whatsapp) के एडिट मैसेज फीचर में यूजर्स को मैसेज करने के केवल 15 मिनट के भीतर ही मैसेज को एडिट करने की सुविधा मिलेगी। 15 मिनट के बाद यूजर्स मैसेज को एडिट नहीं कर पाएंगे।

विस्तार
इंस्टेंट मैसेजिंग एप व्हाट्सएप (Whatsapp) पर आपको जल्द मैसेज एडिट करने का फीचर मिलने वाला है। एडिट मैसेज फीचर्स की मदद से मैसेज को भेजने के बाद भी उसे आराम से एडिट किया जा सकेगा। हालांकि, यह फीचर फिलहाल डेवलपमेंट मोड में है। बता दें कि हाल ही में व्हाट्सएप ने ग्रुप में एड मेंबर की संख्या बढ़ाने और WhatsApp premium सब्सक्रिप्शन जैसी सुविधाएं शामिल करने की घोषणा की है।
व्हाट्सएप ने अपने नए एडिट मैसेज फीचर की जानकारी देते हुए कहा कि यूजर्स अपने भेजे गए मैसेज को एडिट कर सकेंगे। हालांकि, मैसेज प्राप्त करने वाले यूजर्स को मैसेज एडिट करने की जानकारी मिल जाएगी। इस फीचर में यूजर्स को मैसेज करने के केवल 15 मिनट के भीतर ही मैसेज को एडिट करने की सुविधा मिलेगी। 15 मिनट के बाद यूजर्स मैसेज को एडिट नहीं कर पाएंगे।
वहीं इस फीचर का यूज करने के लिए यूजर्स को टेक्स्ट को लॉन्ग प्रेस करना होगा, इसके बाद एक नया एडिट ऑप्शन पॉप-अप हो जाएगा। इस ऑप्शन की मदद से यूजर्स मैसेज को एडिट कर सकेंगे। इस पॉप-अप ऑप्शन में मैसेज की डिटेल और कॉपी का विकल्प भी दिखेगा।
एडिट मैसेज फीचर के साथ ग्रुप मेंबर की संख्या बढ़ाने पर भी काम कर रहा है। इसी साल मई में व्हाट्सएप में ग्रुप मेंबर की संख्या में बदलाव करते हुए इसे 256 मेंबर से 512 मेंबर किया था। अब कंपनी ग्रुप मेंबर की इस संख्या को दोगुना करने की तैयारी कर रही है। WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक व्हाट्सएप ने इस फीचर्स को बीटा टेस्टिंग के लिए कई यूजर्स के लिए जारी भी कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार जल्द ही इस फीचर्स को अन्य यूजर्स के लिए उपलब्ध किया जा सकता है। इस फीचर्स में व्हाट्सएप ग्रुप में अधिकतम 1,024 मेंबर को जोड़ा जा सकेगा।