WhatsApp Alert: व्हाट्सएप ने लाखों यूजर्स को दी बड़ी चेतावनी, एप के प्रमुख ने ट्वीट करके चेताया

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीप्रदीप पाण्डेय
Tue, 12 Jul 2022 08:45 PM IST
सार

गूगल प्ले-स्टोर पर एक ऐसे ही एप की पहचान हुई है जिसे HeyMods नाम के डेवलपर ने डेवलप किया है और इस एप का नाम Hey WhatsApp है।

WhatsApp Head Issues Warning To All Android Users
Hey WhatsApp - फोटो : Hey WhatsApp

    विस्तार

    मेटा के स्वामित्व वाला इंस्टैंट मैसेजिंग एप व्हाट्सएप (WhatsApp) इस वक्त दुनिया का सबसे बड़ा मल्टीमीडिया मैसेजिंग एप है, लेकिन इसके साथ खतरे भी उतने ही हैं, क्योंकि इस दुनिया में जो चीजें जितनी लोकप्रिय होती है, उनका नकली वर्जन भी उतना ही लॉन्च होता है। अब व्हाट्सएप के प्रमुख ने खुद WhatsApp को लेकर चेतावनी जारी की है और यह चेतावनी बहुत ही डराने वाली है। ऐसे में आपको इसे गंभीरता से लेनी चाहिए।

    WhatsApp के सीईओ विल कैथकार्ट (Will Cathcart) ने खुद ही यूजर्स को चेतावनी दी है। उन्होंने लगातार कई सारे ट्वीट किए हैं जिनमें उन्होंने कहा है कि व्हाट्सएप सबसे लोकप्रिय इंस्टैंट मैसेजिंग मोबाइल एप है जिसके यूजर्स की संख्या करीब दो अरब है। व्हाट्सएप स्कैमर्स के निशाने पर भी हमेशा रहता है। वे इसके यूजर्स को धोखा देने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं।

    हाल ही में हमारे सिक्योरिटी रिसर्चर ने ऐसे कई सारे संदिग्ध एप्स की पहचान की है जो व्हाट्सएप की तरह ही सर्विस देने का दावा करते हैं और कई एप्स तो व्हाट्सएप के नाम से भी मिलते-जुलते नाम वाले हैं। गूगल प्ले-स्टोर पर एक ऐसे ही एप की पहचान हुई है जिसे HeyMods नाम के डेवलपर ने डेवलप किया है और इस एप का नाम Hey WhatsApp है।

    हे व्हाट्सएप एप को लेकर बेहतर और नए फीचर का दावा किया जा रहा है, जबकि वास्तव में यह स्कैम का एक नया तरीका है। यह एप लोगों की निजी जानकारी चोरी करता है। विल कैथकार्ट ने कहा है कि वे गूगल से इस संबंध में बात कर रहे हैं, हालांकि अब यह एप गूगल प्ले-स्टोर पर नहीं है लेकिन यूजर्स थर्ड पार्टी स्टोर से इसे अभी भी डाउनलोड कर रहे हैं।