WhatsApp का नया फीचर, सात दिन बाद खुद ही डिलीट हो जाएंगे मैसेज

व्हाट्सएप पिछले कई महीने से डिसएपियरिंग (Disappearing) फीचर पर काम कर रहा है, लेकिन अब टेस्टिंग पूरी हो गई है। व्हाट्सएप डिसएपियरिंग (WhatsApp disappearing) फीचर जल्द ही रिलीज होने वाला है। कंपनी ने इस फीचर को लेकर FAQ पेज को अपडेट कर दिया है। व्हाट्सएप के इस फीचर को पहली बार पिछले साल अक्तूबर में देखा गया था। उस दौरान सामने आई रिपोर्ट में इस फीचर को एक्सपायरिंग मीडिया (Expiring Media) नाम दिया गया था।
कैसे काम करेगा व्हाट्सएप डिसएपियरिंग?
नए अपडेट के बाद आपके पास एक विकल्प होगा कि आप किसी मैसेज को कब डिलीट करना चाहते हैं। इसकी सेटिंग आपको मैसेज भेजने से पहले ही करनी होगी। व्हाट्सएप का यह फीचर निजी और ग्रुप चैट दोनों में काम करेगा। इस फीचर की सेटिंग करने के बाद कोई भी मैसेज सात दिनों बाद अपने-आप डिलीट हो जाएगा, हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि यह फीचर फॉरवर्ड मैसेज पर काम नहीं करेगा। इसके अलावा यदि आप कॉपी/पेस्ट करके भी इस फीचर को इस्तेमाल करना चाहते हैं तो वह नहीं होगा।
सात दिन तक व्हाट्सएप ऑन नहीं होने पर क्या होगा?
इस फीचर की खबर सुनकर अधिकतर लोगों के मन में सवाल आ रहा है कि यदि हमने किसी को मैसेज भेजा और उसका व्हाट्सएप सात दिन तक बंद ही रहा तो ऐसी स्थिति में क्या होगा? व्हाट्सएप ने इसका भी जवाब दिया है। व्हाट्सएप के मुताबिक यदि आपने किसी को इस सेटिंग के साथ मैसेज भेज दिया है और वह शख्स सात दिन बाद व्हाट्सएप ऑन करता है तो नोटिफिकेशन पैनल में आपका मैसेज दिखेगा लेकिन चैट में पहुंचते ही गायब हो जाएगा।