Toyota Yaris Cross Facelift से उठा पर्दा: नया लुक, प्रीमियम इंटीरियर और हाइब्रिड इंजन, जानिए क्या-क्या बदला
Toyota Yaris Cross 2026:
जापानी ऑटोमेकर टोयोटा ने अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट एसयूवी '2026 Yaris Cross Facelift' से पर्दा उठा दिया है। दमदार 1.5-लीटर हाइब्रिड इंजन, ज्यादा शार्प लुक और प्रीमियम केबिन के साथ आई इस नई कार में क्या-क्या बड़े बदलाव हुए हैं, आइए विस्तार से जानते हैं।

विस्तार
जापानी कार निर्माता कंपनी टोयोटा ने अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट एसयूवी, Yaris Cross के नए 2026 फेसलिफ्ट मॉडल को पेश कर दिया है। 6 साल पहले हुए इसके ग्लोबल डेब्यू के बाद अब इस एसयूवी को कुछ खास अपडेट्स के साथ लाया गया है। यह नया मॉडल मुख्य रूप से यूरोपीय बाजार को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कंपनी ने इसे अपने भरोसेमंद TNGA-B प्लेटफॉर्म पर ही बनाया है, लेकिन इसके एक्सटीरियर और इंटीरियर में कई शानदार बदलाव किए गए हैं। आइए समझते हैं कि इस नई एसयूवी में क्या नया है:
एक्सटीरियर में क्या बदला?
बाहरी लुक की बात करें तो नई यारिस क्रॉस का डिजाइन अब पहले से कहीं ज्यादा शार्प और एग्रेसिव नजर आता है। सामने की तरफ इसमें नए LED हेडलैम्प्स, फ्रेश लुक वाली ग्रिल और अपडेटेड फ्रंट बंपर दिया गया है, जो इसके फ्रंट प्रोफाइल को बेहद आकर्षक बनाते हैं। इसके अलावा, कार को नया फील देने के लिए इसमें नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स और एक बिलकुल नया 'प्रीशियस ब्रॉन्ज' कलर विकल्प भी शामिल किया गया है।
पहियों की बात करें तो इसके टॉप-एंड एक्सेल ट्रिम में 18-इंच और मिड-टियर डिजाइन ट्रिम में 17-इंच के टायर दिए गए हैं। साइड प्रोफाइल पर नजर डालें तो दरवाजों के नीचे लगी ब्लैक प्लास्टिक क्लैडिंग पर उकेरा गया 'Yaris Cross' नाम इसे एक खास पहचान देता है। वहीं, स्पोर्टी लुक पसंद करने वालों के लिए इसका GR Sport वेरिएंट आता है। इसमें 18-इंच के रिम्स, थोड़ा चौड़ा बंपर और जगह-जगह दी गई 'GR Sport' की शानदार बैजिंग इसे सड़क पर और भी दमदार बनाती है।
प्रीमियम केबिन और नए फीचर्स
गाड़ी के अंदर बैठते ही आपको पहले से कहीं ज्यादा प्रीमियम फील मिलेगा, क्योंकि इस बार केबिन में बेहतर क्वालिटी के मैटेरियल का इस्तेमाल किया गया है। दरवाजों, डैशबोर्ड और इंजन स्टार्ट/स्टॉप बटन के आस-पास दिए गए प्लेटिनम कलर के इंसर्ट्स केबिन की खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं। अब इसके मिड-टियर वेरिएंट में भी स्पोर्ट्स सीट्स मिलने लगी हैं, जो पहले सिर्फ टॉप मॉडल तक ही सीमित थीं। वहीं, इसके टॉप मॉडल की बात करें तो इसमें लेदरेट और प्लांट-बेस्ड मैटेरियल से बनी शानदार सीट्स, कंट्रास्टिंग हाइलाइट्स, एक बड़ी पैनोरमिक ग्लास रूफ और पावर्ड टेलगेट जैसे प्रीमियम फीचर्स देखने को मिलते हैं।
अगर आप इसका GR Sport वेरिएंट चुनते हैं तो आपको डार्क इंटीरियर थीम के साथ लाल सिलाई वाली लेदरेट व साबर की स्पोर्ट्स सीट्स मिलेंगी। स्टीयरिंग और हेडरेस्ट पर मौजूद GR लोगो के साथ-साथ दरवाजों पर गनमेटल सिल्वर इंसर्ट्स इसे अंदर से पूरी तरह एक रेसिंग कार वाला फील देते हैं। इन सबके अलावा, आपकी सहूलियत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार में इलेक्ट्रॉनिक तरीके से बंद होने वाले आउटसाइड मिरर (ORVMs), स्प्लिट-फोल्डिंग रियर सीट्स और 'Toyota Safety Sense' सूट जैसे कई अन्य जरूरी फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।
इंजन और परफॉरमेंस
मैकेनिकली इस गाड़ी में कोई बहुत बड़ा बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन इसकी परफॉरमेंस काफी दमदार है। पावर के लिए इसमें 1.5-लीटर का 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलता है, जिसे e-CVT गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। यह एसयूवी एक छोटी लिथियम-आयन बैटरी और इलेक्ट्रिक मोटर वाले शानदार हाइब्रिड सिस्टम से लैस है। गौरतलब है कि पहले यह हाइब्रिड पावरट्रेन 114 bhp और 129 bhp के दो अलग-अलग पावर आउटपुट में आता था।
लेकिन इस नए फेसलिफ्ट मॉडल में कंपनी ने फिलहाल सिर्फ इसके ज्यादा पावरफुल वर्जन को ही उतारा है। ड्राइविंग एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए यह फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) दोनों विकल्पों में उपलब्ध है और सड़क पर इसकी टॉप स्पीड 175 किलोमीटर प्रति घंटा तक जाती है। कुल मिलाकर देखा जाए तो, 2026 Toyota Yaris Cross Facelift अपने नए शार्प लुक, प्रीमियम केबिन और इस बेहतरीन हाइब्रिड तकनीक के साथ एक बेहद दमदार पैकेज बनकर सामने आई है।