सोशल मीडिया पर दावा: क्या PhonePe वॉलेट इनएक्टिव रहने पर कटेंगे ₹100? वायरल स्क्रीनशॉट ने बढ़ाई चिंता!
Inactive PhonePe Wallet Charges:
फोनपे वॉलेट को लेकर सोशल मीडिया पर एक दावा तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्ट के मुताबिक, अगर यूजर 12 महीने तक वॉलेट इस्तेमाल नहीं करता है तो हर तीन महीने में ₹100 चार्ज लिया जाएगा। स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद यूजर्स में चिंता बढ़ गई है। आइए जानते हैं आखिर पूरा मामला क्या है और इससे UPI ट्रांजैक्शन पर कोई असर पड़ेगा या नहीं।

विस्तार
आज के समय में चाय की दुकान से लेकर ऑनलाइन शॉपिंग तक, हर जगह पेमेंट के लिए PhonePe जैसे एप्स का जमकर इस्तेमाल होता है। लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर PhonePe से जुड़ा एक स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने यूजर्स की चिंता बढ़ा दी है।
दावा किया जा रहा है कि अगर आप PhonePe के एक खास फीचर का इस्तेमाल नहीं करते हैं, तो कंपनी आपके अकाउंट से हर 3 महीने में 100 रुपये चार्ज के रूप में काटेगी। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।
क्या है 100 रुपये कटने का मामला?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और Reddit पर कई यूजर्स एक स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं। मशहूर टेक टिप्स्टर अभिषेक यादव और रेडिट यूजर (im_pulsive) के जरिए शेयर किए गए पोस्ट के मुताबिक, "कंपनी यूजर्स को चेतावनी दे रही है कि अगर उनका PhonePe Wallet लगातार 12 महीनों तक इनएक्टिव (यानी इस्तेमाल नहीं किया गया) रहता है, तो उनसे मेंटेनेंस के नाम पर पैसे लिए जाएंगे। 12 महीने पूरे होने के बाद, हर तिमाही 100 रुपये का चार्ज लगाया जाएगा।"
PhonePe Wallet क्या होता है?
भारत में ज्यादातर लोग PhonePe पर सीधे अपने बैंक खाते से UPI के जरिए पैसे भेजते हैं। लेकिन एप के अंदर एक PhonePe Wallet का फीचर भी होता है। यह एक डिजिटल पर्स की तरह है जिसमें आप एडवांस में पैसे डालकर रख सकते हैं। सच्चाई तो यह है कि बहुत से यूजर्स को पता ही नहीं है कि उनके एप में ऐसा कोई वॉलेट भी मौजूद है, क्योंकि वे सीधा बैंक अकाउंट से ही पेमेंट करते हैं।
वॉलेट को बंद करने में भी है पेंच
जब यूजर्स को इस चार्ज के बारे में पता चला, तो उन्होंने इस अनचाहे वॉलेट को बंद करने की कोशिश की। लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां भी एक परेशानी है। कई यूजर्स का कहना है कि अगर वे इस वॉलेट को हमेशा के लिए बंद करना चाहते हैं, तो एप उनसे पहले केवाईसी (नो योर कस्टमर्स) की प्रक्रिया पूरी करने को कह रहा है।
यूजर्स क्यों जता रहे हैं नाराजगी?
यह खबर लोगों के लिए काफी हैरान करने वाली है। यूजर्स का सवाल है कि जिस फीचर को उन्होंने कभी इस्तेमाल ही नहीं किया या जिसकी उन्हें जरूरत ही नहीं है, उसके लिए वे पैसे क्यों चुकाएं? इस चार्ज का आपके सामान्य UPI ट्रांजैक्शन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
आप पहले की तरह ही किसी को भी पेमेंट कर सकते हैं। हालांकि, जानकारों का मानना है कि जो चीज इस्तेमाल नहीं हो रही, उसके लिए पैसे वसूलना ग्राहकों के भरोसे को तोड़ने वाला कदम साबित हो सकता है।