Paytm: अब बिना पिन के होगा UPI पेमेंट और बिना कार्ड के निकलेगा ATM से कैश, कैसे काम करेंगे ये फीचर्स, जानें
Paytm biometric UPI authentication
: डिजिटल पेमेंट की दुनिया में एक अहम बदलाव आया है। अब आपको न तो यूपीआई पिन याद रखने की टेंशन होगी और न ही घर पर भूल गए एटीएम कार्ड का पछतावा होगा। आरबीआई के नए नियमों के अनुसार अब पेटीएम ने अपने यूजर्स के लिए दो बेहद खास और सुरक्षित फीचर्स लॉन्च किए हैं। जानिए क्या हैं वो फीचर और कैसे काम करेंगे...

विस्तार
RBI two-factor authentication rules April 2026
: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के 1 अप्रैल 2026 से लागू हुए नए सुरक्षा नियमों के बाद, पेटीएम ने डिजिटल ट्रांजेक्शन को और भी सुरक्षित और आसान बना दिया है। अब आप अपनी उंगली के निशान (Fingerprint) या चेहरे (Face ID) से पेमेंट कर सकेंगे। पेटीएम ने बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन और कार्डलेस एटीएम विड्रॉल सुविधाएं शुरू की है। बायोमेट्रिक फीचर के जरिए पांच हजार तक के यूपीआई भुगतान बिना पिन डाले सिर्फ फिंगरप्रिंट या फेस आईडी से हो सकेंगे। वहीं, कार्डलेस सुविधा के तहत यूजर किसी भी यूपीआई समर्थित एटीएम से क्यूआर कोड स्कैन करके दस हजार रुपये तक का कैश निकाल सकते हैं।
How to withdraw cash without ATM card Paytm: क्या हैं नए नियम और कैसे उठाएं लाभ?
आरबीआई ने एक अप्रैल 2026 से डिजिटल पेमेंट के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य कर दिया है। अब केवल ओटीपी काफी नहीं है। सुरक्षा के लिए पिन, पासवर्ड या बायोमेट्रिक्स का होना जरूरी है। पेटीएम का यह अपडेट इसी फ्रेमवर्क के तहत लाया गया है।
बायोमेट्रिक UPI पेमेंट: पिन की झंझट खत्म
अब पेमेंट वेरीफाई करने के लिए बार-बार PIN टाइप करने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए आपको एप की सेटिंग्स में जाकर पे विड फिंगरप्रिंट या फेसआइडी का विकल्प चुनना होगा। साथ में बैंक अकाउंट भी लिंक करने की जरूरत पड़ेगी। कंपनी ने साफ कहा है कि बायोमेट्रिक डेटा पेटीएम या बैंक स्टोर नहीं करता, यह आपके डिवाइस में ही सुरक्षित रहता है। हालांकि एनपीसीआई के अनुसार, बायोमेट्रिक के जरिए प्रति ट्रांजेक्शन सिर्फ पांच हजार रुपये तक ही भुगतान किया जा सकता है।
कार्डलेस एटीएम विड्रॉल: जेब में कार्ड रखने की जरूरत नहीं
- इसके लिए आपको एटीएम पर जाकर यूपीआई कैश विड्रोल चुनना होगा, इसके बाद राशि भरें और स्क्रीन पर आए क्यूआर कोड को पेटीएम एप से स्कैन करें।
- इसके बाद एप पर अपना UPI PIN डालते ही ATM से कैश बाहर आ जाएगा।
- इसके जरिए एक बार में अधिकतम 10 हजार रुपये निकाले जा सकते हैं।