व्हाट्सऐप पर आपत्तिजनक कंटेंट को मॉनिटर नहीं करेगी सरकार, शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप पर शेयर होने वाले आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर सरकार ने बड़ा बयान दिया है। सरकार ने अपनी मजबूरी जाहिर करते हुए कहा है व्हाट्सऐप पर रोज शेयर होने वाले कंटेंट की नजर रखना और उनकी जांच करना बेहद मुश्किल है। बता दें कि व्हाट्सऐप के मैसेज एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड हैं। यानी कोई तीसरा व्यक्ति मैसेज को नहीं पढ़ सकता।
व्हाट्सऐप पर शेयर होने वाले कंटेंट को लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को राज्यसभा में कांग्रेसी नेता राज बब्बर के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि व्हाट्सऐप पर शेयर होने वाले सभी कंटेंट की निगरानी करना मुश्किल है, लेकिन अगर किसी कंटेंट करे बारे में कोई शिकायत होती है या सूचना मिलती है तो उस पर कानूनी कार्रवाई जरूर होगी।
उन्होंने बताया कि अगर आपत्तिजनक कटेंट के बारे में सबूत मिलता है तो संशोधित आईटी अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि व्हाट्सऐप में आपत्तिजनक कंटेंट और स्पैम को लेकर शिकायत करने का फीचर है। यूजर्स इसका इस्तेमाल करें।
बता दें कि पिछले साल ही व्हाट्सऐप ने एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टशन फीचर को लॉन्च किया था। इसका मतलब यह है कि मैसेज को व्हाट्सऐप के सर्वर से कोई तीसरा व्यक्ति एक्सेस नहीं कर सकता है। मैसेज सिर्फ भेजने वाले और रिसीव करने वाले के पास ही होते हैं।