Netflix ने एंड्रॉयड के लिए लॉन्च किए तीन नए मोबाइल गेम, कुल 10 गेम का मिला तोहफा
नेटफ्लिक्स के यूजर्स तीनों नए गेम को गूगल प्ले-स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। यदि आप एक एंड्रॉयड यूजर हैं तो नेटफ्लिक्स के गेम टैब पर टैप करके गेम चुन सकते हैं और खेल सकते हैं। Netflix के सब्सक्राइबर्स के लिए गेम फ्री में उपलब्ध है।

विस्तार
Netflix ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए तीन नए मोबाइल गेम पेश किए हैं जिसके बाद यूजर्स के लिए 10 गेम उपलब्ध हो गए हैं। नए गेम के तौर पर Wonderputt Forever, Knittens और Dominoes Cafe रिलीज किए गए हैं।
इससे पहले कंपनी ने Stranger Things: 1984 (BonusXP), Stranger Things 3: The Game (BonusXP), Shooting Hoops (Frosty Pop), Card Blast (Amuzo & Rogue Games), और Teeter Up (Frosty Pop) जैसे गेम रिलीज किए हैं। आईओएस के लिए भी कंपनी ने जल्द ही गेम लॉन्च करने का एलान किया है।
नेटफ्लिक्स के यूजर्स तीनों नए गेम को गूगल प्ले-स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। यदि आप एक एंड्रॉयड यूजर हैं तो नेटफ्लिक्स के गेम टैब पर टैप करके गेम चुन सकते हैं और खेल सकते हैं। Netflix के सब्सक्राइबर्स के लिए गेम फ्री में उपलब्ध है। इसके लिए अलग से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
Netflix ने कहा है कि गेमिंग के दौरान किसी भी यूजर को कोई भी विज्ञापन नहीं दिखाया जाएगा। नेटफ्लिक्स ने अपनी गेमिंग सर्विस के साथ भाषा का पूरा ख्याल रखा है। ऐसे मे आप हिंदी, बांग्ला, पंजाबी और मराठी जैसी भाषाओं में भी गेमिंग का आनंद ले सकते हैं। यदि आप किसी भाषा का चयन नहीं करते हैं तो गेम की डिफॉल्ट भाषा अंग्रेजी रहेगी।
नेटफ्लिक्स पर कुछ गेम ऑफलाइन भी खेले जा सकते हैं, हालांकि किड्स प्रोफाइल के लिए Netflix की गेमिंग सर्विस उपलब्ध नहीं है। गेमिंग से बच्चों को दूर रखने के लिए आप सिक्योरिटी पिन भी इस्तेमाल कर सकते हैं। गेमिंग के लिए नेटफ्लिक्स ने BonusXP, Los Gatos जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी की है।