बच्चों की फिल्में और शोज के दौरान विज्ञापन नहीं दिखाएगा Netflix
जून में Netflix ने कहा था कि वह कुछ नए प्लान पेश करेगा जिनकी कीमत कम होगी। इन प्लान के साथ ग्राहकों को विज्ञापन दिखाए जाएंगे। Netflix ने विज्ञापन आधारित प्लान के लिए माइक्रोसॉफ्ट के साथ साझेदारी की है।

विस्तार
ऑन डिमांड वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म Netflix ने एक बड़ा फैसला लिया है। Netflix ने कहा है कि बच्चों की मूवी और शोज के दौरान वह विज्ञापन नहीं दिखाएगा। TechCrunch की एक रिपोर्ट में सबसे पहले इसका दावा किया गया है, हालांकि यह जरूर कहा जा रहा है कि Stranger Things, Bridgerton और Squid Game जैसे ऑरिजनल शोज के दौरान विज्ञापन दिखेंगे।
दरअसल अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन और अन्य संगठनों ने मांग की है कि बच्चों के लिए विज्ञापन गंभीर नियमों के अधीन हों। विश्लेषकों का मानना है कि नेटफ्लिक्स सालाना 4 बिलियन डॉलर की विज्ञापन बिक्री करता है, जिससे यह इंटरनेट वीडियो विज्ञापन में प्रमुख प्लेयर्स में से एक बन जाता है।
बच्चों को परोसे जा रहे कंटेंट को लेकर YouTube भी अब सजग हो गया है। यूट्यूब ने बच्चों से संबंधित जानकारियों को इकट्ठा करना सीमित कर दिया है। इसके अलावा यूट्यूब कंटेंट के लिए बच्चों के माता-पिता से सहमति भी ली जा रही है। बचा दें कि बच्चों की निजी जानकारी इकट्ठा करने को लेकर ही यूट्यूब पर 2019 में यूएस फेडरल ट्रेड कमिशन (FTC) ने 170 मिलियन डॉलर का जुर्माना लगाया था।
बता दें कि इसी साल जून में Netflix ने कहा था कि वह कुछ नए प्लान पेश करेगा जिनकी कीमत कम होगी। इन प्लान के साथ ग्राहकों को विज्ञापन दिखाए जाएंगे। Netflix ने विज्ञापन आधारित प्लान के लिए माइक्रोसॉफ्ट के साथ साझेदारी की है। उम्मीद की जा रही है कि Netflix का विज्ञापन मॉडल इस साल के अंत तक नहीं तो 2023 की शुरुआत में पेश होगा।
Netflix को लगातार घाटा हो रहा है जिसके बाद अब कंपनी विज्ञापन आधारित प्लान के बारे में विचार कर रही है। भारतीय बाजार में Netflix की पकड़ कमजोर हो रही है। भारत में Netflix को अमेजन प्राइम वीडियो, डिज्नी प्लस हॉटस्टार, जी5 जैसे प्लेटफॉर्म से कड़ी टक्कर मिल रही है।