मजदूरों को रोजगार देने के लिए apna एप ने नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन से मिलाया हाथ
लिंकडिन की तरह अपना एक मेड इन इंडिया प्रोफेशनल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है।

विस्तार
मजदूरों और मझौले दर्जे के कर्मचारियों के लिए भारत के सबसे बड़े पेशेवर नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म अपना ने नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएसडीसी) के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत मजदूरों/मझौले दर्जे के कर्मचारियों को पहला प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म प्रदान किया जाएगा। पहली बार ये उम्मीदवार अपने कार्यक्षेत्र और कौशल के आधार पर विभिन्न समुदायों का हिस्सा बन सकेंगे।
साझेदारी का उद्देश्य फ्रंटलाइन वर्कफोर्स के लिए उनके द्वारा पसंद की गई भाषा में कौशल विकास, प्रशिक्षण और सामुदायिक सहयोग के अवसरों के लिए पहुंच प्रदान करना है। यह एसोसिएशन एनएसडीसी के माध्यम से नामांकित/प्रमाणित उम्मीदवारों को समुदाय के साथ डिजिटल व्यावसायिक पहचान, नेटवर्क बनाने और अवसरों के लिए खुद को तैयार करने में सक्षम करेगा।
यह साझेदारी दोनों संगठनों को पूरे भारत में मौजूद मजदूरों और मझौले दर्जे के कर्मचारियों तक पहुंचने में मदद करेगी। उम्मीदवारों को अपना (Apna) एप पर उपलब्ध कौशल विकास संसाधनों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। यह प्लेटफॉर्म ‘प्रोफेशनल नेटवर्किंग’ पर मुफ्त ऑनलाइन सत्रों तक पहुंच प्रदान करेगा और इस लिहाज से रुचि-आधारित पाठ्यक्रमों पर फोकस किया जाएगा।
यह एनएसडीसी के शुल्क-आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी उम्मीदवारों के लिए खुला रहेगा और एनएसडीसी द्वारा कार्यान्वित पीएमकेवीवाई जैसी सरकारी योजनाओं के तहत नामांकित ट्रेनीज के लिए भी उपलब्ध रहेगा। इसी तरह, इस साझेदारी के तहत अपना के मौजूदा उपयोगकर्ता एनएसडीसी से संबद्ध प्रशिक्षण प्रदाताओं द्वारा प्रस्तावित पाठ्यक्रमों का भी उपयोग कर सकेंगे। बता दें कि लिंकडिन की तरह अपना एक मेड इन इंडिया प्रोफेशनल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है।