Skype Shutdown: बंद हो रहा है माइक्रोसॉफ्ट का स्काइप, इस दिन से नहीं कर पाएंगे इस्तेमाल
भले ही Skype एक सीधी-सादी और लोकप्रिय वीडियो कॉलिंग सेवा रही हो, लेकिन अब माइक्रोसॉफ्ट Teams पर फोकस कर रहा है। यह स्पष्ट है कि Teams को ही Skype का उत्तराधिकारी बनाया जा रहा है। तो कहा जा सकता है “Microsoft Teams अब नया Skype है।”

विस्तार
अपने दौर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए मशहूर Skype अब बंद होने जा रहा है। माइक्रोसॉफ्ट ने कुछ महीने पहले ही एलान कर दिया था कि वह अपनी लोकप्रिय वीडियो कॉलिंग सेवा Skype को बंद करने जा रहा है। अब जब मई का महीना आ चुका है, तो यह Skype को अलविदा कहने का समय है। 2003 में लॉन्च किया गया Skype कभी वीडियो कॉलिंग की दुनिया का बेताज बादशाह था, लेकिन समय के साथ वह प्रतिस्पर्धा में पिछड़ता चला गया। माइक्रोसॉफ्ट अब अपने फोकस को Microsoft Teams पर केंद्रित कर रहा है और Skype को हमेशा के लिए बंद करने का फैसला ले चुका है। आइए पांच प्वाइंट्स में Skype के बंद होने की पूरी कहानी जानते हैं...
माइक्रोसॉफ्ट Skype को मई 2025 में बंद कर रहा है ताकि वह अपनी सभी कम्युनिकेशन सेवाओं को Microsoft Teams पर केंद्रित कर सके। कंपनी ने कहा है कि वह अपनी मुफ्त उपभोक्ता संचार सेवाओं को एकीकृत करना चाहती है ताकि यूजर्स की बदलती जरूरतों के अनुसार बेहतर सेवा दी जा सके। Teams को अब एक आधुनिक कम्युनिकेशन और कोलेबरेशन प्लेटफॉर्म के रूप में पेश किया जा रहा है।
Skype 5 मई 2025 तक काम करता रहेगा ताकि यूजर्स को Teams पर शिफ्ट होने का समय मिल सके। माइक्रोसॉफ्ट ने इस संक्रमण को आसान बनाने के लिए मदद और संसाधन देने का वादा किया है। यह एक सुचारु माइग्रेशन प्रक्रिया होगी, जिसमें यूजर अपनी पुरानी जानकारी Teams में देख सकेंगे।