Meta: ‘इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप को खरीदकर प्रतिस्पर्धा खत्म करना नहीं था उद्देश्य’, जुकरबर्ग ने दी सफाई
मेटा के सीईओ मार्क जकरबर्ग एंटीट्रस्ट ट्रायल से गुजर रहे हैं। फेडरल ट्रेड कमीशन (FTC) ने उनपर इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसी कंपनियों का अधिग्रहण कर प्रतिस्पर्धा को खत्म करने का आरोप लगाया गया है।

विस्तार
मेटा (Meta) के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने बुधवार को एक ऐतिहासिक एंटीट्रस्ट ट्रायल में अपना बयान पूरा किया। उन्होंने कोर्ट में साफ किया कि Instagram और WhatsApp को खरीदने का उनका मकसद इन कंपनियों को खत्म करना नहीं था, बल्कि उनमें मौजूद संभावनाओं को देखते हुए इनका अधिग्रहण किया गया।
"मुझे पता होना चाहिए कि दुनिया में क्या चल रहा है"
तीसरे दिन की गवाही के दौरान जुकरबर्ग ने कहा, "मेरा काम है यह समझना कि मार्केट में क्या नया हो रहा है और हमारी टीम को तेजी से उस दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करना।" उन्होंने यह भी बताया कि प्रतिस्पर्धा का विश्लेषण करना किसी भी इनोवेटिव कंपनी के लिए जरूरी होता है।

इंस्टाग्राम की लोकप्रियता से था डर?
फेडरल ट्रेड कमीशन (FTC) ने दावा किया कि जुकरबर्ग इंस्टाग्राम की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गए थे और इसलिए उन्होंने कंपनी को खरीदने का फैसला लिया। इस पर जुकरबर्ग ने जवाब दिया कि Instagram को एक स्वतंत्र ब्रांड के तौर पर चलाना उनका उद्देश्य था, न कि उसे खत्म करना।
FTC का यह भी आरोप है कि व्हाट्सएप को खरीदकर मेटा ने प्रतिस्पर्धा खत्म करने की कोशिश की। जुकरबर्ग ने माना कि व्हाट्सएप की ताकत को वो समझते थे लेकिन खरीद का मकसद यह था कि वह एक महत्वपूर्ण और मूल्यवान एप है जिसका इस्तेमाल बहुत ज्यादा होता था।
यह भी पढ़ें: व्हाट्सएप यूजर्स के लिए खुशखबरी! अब शेयर कर सकेंगे 90 सेकंड तक का वीडियो स्टेटस
TikTok और YouTube से कड़ी टक्कर
मेटा के वकील मार्क हैनसेन ने बताया कि मेटा अभी भी टिकटॉक और यूट्यूब जैसी कंपनियों से कड़ी टक्कर झेल रही है। जुकरबर्ग ने यह भी स्वीकार किया कि YouTube पर लोग फेसबुक और इंस्टाग्राम दोनों से ज्यादा समय बिताते हैं।

FTC इस मुकदमे में यह साबित करने की कोशिश कर रही है कि Meta ने Instagram और WhatsApp को खरीदकर सोशल मीडिया में एक अवैध मोनोपॉली खड़ी की। अगर FTC मुकदमे में जीत जाती है, तो मुमकिन है कि Meta को इन दोनों कंपनियों को अलग करना पड़े।
सालों पुराना मामला, अब कोर्ट में
यह मामला साल 2020 में दर्ज हुआ था जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में FTC ने मेटा (तब Facebook) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। कोर्ट में इस मुकदमे की सुनवाई अमेरिकी जिला न्यायाधीश जेम्स बोसबर्ग कर रहे हैं।