TikTok वीडियो बना रहे 11 कर्मचारियों की सैलरी कम हुई, कंपनी ने पद से भी हटाया

टिक टॉक की भारत में लोकप्रियता किसी परिचय की मोहताज नहीं है। आए दिन टिक टॉक से जुड़ी तमाम तरह की खबरें सामने आ रही हैं। अब एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे जानने के बाद आप शायद ही अपने ऑफिस में टिक टॉक इस्तेमाल करेंगे।

तेलंगाना की खम्मम नगर निगम (KMC) ने अपने 11 कर्मचारियों को टिक टॉक वीडियो बनाने और ऑफिस के दौरान सोशल मीडिया एप इस्तेमाल करने के आरोप में पद से हटा दिया है और सैलरी भी कम कर दी है।

इन लोगों को भविष्य में ऐसा ना करने की हिदायत भी दी है। केएमसी के एक वरिष्ट अधिकारी के मुताबिक केएमसी कमिश्नर जे श्रीनिवास राव ने निगम कार्यालय में अपने मौजूदा पदों से 11 आउटसोर्स कर्मचारियों को स्थानांतरित करने का आदेश दिया और उनके वेतन भी कम किए हैं। दोषी कर्मचारियों में पुरुष और महिला दोनों शामिल हैं।

वहीं अधिकारियों को कहना है कि जिन वीडियो को लेकर 11 कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई है वे वीडियोज पुराने हैं और उन्हें हाल-फिलहाल में रिकॉर्ड नहीं किया गया है। कहा जा रहा है कि करीब 2 महीने पुराने वीडियो को लेकर कार्रवाई हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से कुछ लोग लिपिक के तौर पर काम करते हैं और कुछ लोग फील्ड में काम करते हैं। ये लोग ऑफिस ऑवर में वीडियो-शेयरिंग एप टिक टॉक पर रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर चैटिंग करते पाए गए। बताया जा रहा है कि इन कर्मचारियों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे और कई टीवी चैनल्स पर भी इनके वीडियो दिखाए गए हैं।