हुई फजीहत तो इंस्टाग्राम ने वापस लिया यह फीचर, टिकटॉक की कॉपी करने का था आरोप

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीप्रदीप पाण्डेय
Fri, 29 Jul 2022 02:48 PM IST
सार

नए बदलाव के तहत अब इंस्टाग्राम में + वाले बटन पर क्लिक करने के बाद नीचे की ओर रील्स, फीड, पोस्ट आदि के विकल्प आ रहे हैं, जबकि पहले + पर क्लिक के साथ ही ऊपर की ओर ही ये सारे बटन दिखते थे।

Instagram rolls back its new feature after user backlash
instagram - फोटो : instagram

    विस्तार

    इंस्टाग्राम ने हाल ही में एक नया फीचर जारी किया था जिसके बाद उसकी काफी फजीहत हुई। नए फीचर को लेकर कहा जा रहा था कि इंस्टाग्राम ने टिकटॉक के फीचर को कॉपी किया है। इंस्टाग्राम के इस बदलाव को लेकर काइली जेनर और किम कार्दशियन जैसी प्रभावशाली हस्तियों ने भी आलोचना की थी।

    इंस्टाग्राम ने नए फीचर के तौर पर फुल स्क्रीन वीडियो फीड को जारी किया था जो कि काफी हद तक Tiktok था, जबकि इस तरह के वीडियो के लिए इंस्टाग्राम में पहले से ही Instagram Reels है। नए बदलाव के बाद लोगों की शिकायत थी कि उन्हें अनजान लोगों के पोस्ट हद से ज्यादा दिख रहे हैं।

    नए फीचर को लेकर Meta ने अपने एक बयान में कहा, 'हमने नए बदलाव को लेकर महसूस किया है कि इसमें और बदलाव की गुंजाइश है। हम इस बात में यकीन करते हैं इंस्टाग्राम दुनिया के तमाम बदलावों में शामिल होाग। हम नए बदलाव को लेकर कुछ समय चाहते हैं।' ऐसे में देखा जाए तो पहली बार ऐसा हो रहा है जब मेटा अपने किसी एप के किसी फीचर को वापस ले रहा है।

    इंस्टाग्राम के प्रमुख एडम मोसेरी (Adam Mosseri) ने हाल ही में एक वीडियो पोस्ट के जरिए नए फीचर की जानकारी दी थी। नए बदलाव के तहत अब इंस्टाग्राम में + वाले बटन पर क्लिक करने के बाद नीचे की ओर रील्स, फीड, पोस्ट आदि के विकल्प आ रहे हैं, जबकि पहले + पर क्लिक के साथ ही ऊपर की ओर ही ये सारे बटन दिखते थे।

    नए फीचर को लेकर यूजर्स काफी नाराज हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम के डेवलपर्स को इंस्टाग्राम को फिर से इंस्टाग्राम (Make Instagram Instagram Again) बनाने का अनुरोध किया है। अब इंस्टाग्राम ने इस फीचर को वापस ले लिया है और जल्द ही नया अपडेट जारी किया जाएगा। मेटा ने हाल ही में फेसबुक एप का इंटरफेस भी टिकटॉक जैसा किया है।