रील्स कॉपी करना नहीं होगा आसान: इंस्टाग्राम लाया कंटेंट प्रोटेक्शन टूल, कैसे करेगा काम और किसे मिलेगा लाभ?
- इंस्टाग्राम ने क्रिएटर्स के लिए कंटेंट प्रोटेक्शन टूल उतारना शुरू किया है।
- यह टूल इंस्टाग्राम और फेसबुक पर कॉपी हुई रील्स पकड़ता है।
- कॉपी मिलने पर क्रिएटर उसे ट्रैक, हाइड, क्रेडिट लिंक के साथ रख या रिलीज कर सकते हैं।
- AI से बदले वीडियो पकड़ने वाली सुविधा का परीक्षण चुनिंदा क्रिएटर्स मेटा द्वारा किया जा रहा है।

विस्तार
कोई और आपकी बनाई रील उठाकर अपने नाम से डाल दे, तो क्रिएटर को ज्यादा खीझ आती है। अब तक ऐसी कॉपी ढूंढना और रिपोर्ट करना हाथ का काम था। इंस्टाग्राम ने इसी परेशानी के लिए कंटेंट प्रोटेक्शन टूल उतारना शुरू किया है, जो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर मूल वीडियो की नकल खोजता है और मैच मिलने पर क्रिएटर को सूचना देता है। कॉपी, री-पोस्ट और AI से बदले गए वीडियो की बढ़ती समस्या के बीच यह बदलाव आया है।
कैसे काम करता है कंटेंट प्रोटेक्शन टूल?
इंस्टाग्राम का यह टूल उन वीडियो की विजुअल मैचिंग करता है, जिन्हें क्रिएटर ने सिस्टम में दर्ज कराया है। इसके पीछे वही वीडियो-मैचिंग तकनीक है, जो मेटा के राइट्स मैनेजर में इस्तेमाल होती है। साइन-अप करने के बाद क्रिएटर के नए अपलोड होने वाले मूल वीडियो अपने-आप सुरक्षा में आ जाते हैं, यानी हर पोस्ट के लिए अलग से कुछ नहीं करना पड़ता। हां साइन-अप से पहले अपलोड हुए वीडियो को मैनुअली से जोड़ना होगा। मैच मिलने पर क्रिएटर को नोटिफिकेशन मिलता है, और वह उस वीडियो के व्यू और उसे डालने वाले अकाउंट के फॉलोअर्स देखकर आगे का फैसला ले सकता है।
किसे मिलेगा और कैसे करें चालू?
पात्र क्रिएटर्स इंस्टाग्राम के प्रोफेशनल डैशबोर्ड में जाकर देख सकते हैं कि उन्हें यह सुविधा मिली है या नहीं। इसके लिए इंस्टाग्राम खोलकर होम टैब में 'टूल्स' देखें, फिर 'योर प्रोफेशनल टूल्स' खोलें और वहां 'कंटेंट प्रोटेक्शन' मिले तो उसमें एनरोल कर लें। पात्र क्रिएटर्स को एक्टिविटी फीड में भी सूचना भेजी जा रही है। पहुंच काफी हद तक मौलिकता और अकाउंट की विश्वसनीयता की शर्तों पर टिकी है, इसलिए यह सुविधा अभी हर किसी को नहीं दिखेगी। जिन्हें लगता है कि वे योग्य हैं, वे मेटा के जरिए आवेदन भी कर सकते हैं।
कॉपी मिलने पर क्रिएटर के पास चार विकल्प
- ट्रैक: मैच वाला वीडियो दिखता रहता है, ताकि क्रिएटर उसका प्रदर्शन देख सके।
- हाइड: वह वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक, दोनों पर छिपा दिया जाता है।
- क्रेडिट जोड़ें: उस वीडियो पर 'ओरिजिनल रील क्रिएटेड बाय' लेबल लगता है, जो दर्शकों को असली रील या क्रिएटर तक ले जाता है।
- रिलीज: क्रिएटर अपना दावा छोड़ देता है, और वह वीडियो मैच की सूची से भी हट जाता है।
- ध्यान रहे: हाइड करने से री-पोस्ट करने वाले अकाउंट पर सीधा जुर्माना नहीं लगता। इंस्टाग्राम के मुताबिक यह सिर्फ पहुंच घटाने का तरीका है, सजा नहीं।
- क्रेडिट का फायदा: यह उन क्रिएटर्स के काम का है, जो हर री-पोस्ट हटवाना नहीं चाहते पर चाहते हैं कि दर्शक असली वीडियो तक पहुंचें।
भरोसेमंद अकाउंट को छूट और मालिकाना हक का विवाद
कई क्रिएटर ब्रांड के साथ काम करते हैं, कई अकाउंट संभालते हैं या कुछ अकाउंट को अपना कंटेंट इस्तेमाल करने की मंजूरी दे चुके होते हैं। वे नहीं चाहते कि ऐसे अकाउंट बार-बार मैच के तौर पर पकड़े जाएं। इसके लिए इंस्टाग्राम ने अलाउ लिस्ट रखी है, जिसमें क्रिएटर अपने अधिकृत अकाउंट जोड़ सकते हैं और जरूरत बदलने पर लिस्ट अपडेट कर सकते हैं। एक और इंतजाम मालिकाना हक के विवाद का है। अगर कोई दूसरा अकाउंट असली क्रिएटर से पहले उसका वीडियो अपलोड और रजिस्टर कर दे, तो असली क्रिएटर टूल से विवाद दर्ज करा सकता है या मेटा के इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी रिपोर्टिंग सेंटर में शिकायत कर सकता है।
AI से बदले वीडियो पर भी नजर
टूल का दायरा सिर्फ उन वीडियो तक नहीं है, जिनमें मूल विज़ुअल बचे रहते हैं। मेटा एक ऐसी सुविधा की टेस्टिंग शुरू कर रहा है, जो उन वीडियो को पकड़ सके जिनमें मूल क्रिएटर की बोली हुई बात वही रहती है पर विज़ुअल AI से बदल दिए जाते हैं। यह परीक्षण आने वाले हफ्तों में शुरू में कुछ चुनिंदा क्रिएटर्स के साथ होगा। यह सुविधा अभी सबके लिए उपलब्ध नहीं है और विज़ुअल मैचिंग वाले सिस्टम से अलग है। मेटा उन अकाउंट की पहुंच सीमित करने के तरीके भी तलाश रहा है, जो बार-बार AI से ऐसा कंटेंट बनाकर फैलाते हैं।