Indian Railways: अब जनरल टिकट बुक करने पर मिलेगी 3% की छूट, 14 जनवरी से रेलवन एप यूजर्स को मिलेगा लाभ

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Tue, 30 Dec 2025 05:48 PM IST
सार

भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि 14 जनवरी 2026 से RailOne एप के जरिए जनरल टिकट बुक करने पर 3% की छूट दी जाएगी। यह सुविधा छह महीने तक यानी 14 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी।

Indian Railways to Offer 3% Discount on General Tickets Booked via RailOne App from January 14
रेलवे एप्लीकेशन (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : play store

    विस्तार

    भारतीय रेलवे ने अपने यात्रियों को नए साल का तोहफा देते हुए एक बड़ा एलान किया है। अगर आप भी जनरल डिब्बे में सफर करते हैं और ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं, तो अब आपको किराए में छूट मिलेगी। रेल मंत्रालय ने फैसला किया है कि 14 जनवरी 2026 से 'RailOne' एप (रेलवन एप) के जरिए जनरल टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

    कब तक मिलेगा यह ऑफर?

    रेल मंत्रालय के जरिए जारी जानकारी के अनुसार, यह डिस्काउंट ऑफर 6 महीने के लिए लागू किया जा रहा है। इसकी ऑफर की शुरुआत 14 जनवरी 2026 से होगी और अंतिम तारीख 14 जुलाई 2026 होगी।

    किसी भी डिजिटल पेमेंट पर मिलेगा लाभ

    फिलहाल रेलवे 'RailOne' एप पर सिर्फ आर-वॉलेट के जरिए भुगतान करने पर 3% का कैशबैक देता है। लेकिन नए नियम के तहत, यात्रियों को किसी भी डिजिटल मोड (जैसे यूपीआई, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग) से भुगतान करने पर सीधे 3% का डिस्काउंट दिया जाएगा। मंत्रालय ने 30 दिसंबर को सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) को सॉफ्टवेयर में जरूरी बदलाव करने के निर्देश दे दिए हैं ताकि 14 जनवरी से यह सुविधा शुरू हो सके।

    क्या है इसका उद्देश्य?

    रेलवे का मुख्य उद्देश्य टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करना और डिजिटल बुकिंग को बढ़ावा देना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष छूट केवल 'RailOne' एप पर ही उपलब्ध होगी, किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर नहीं। गौरतलब है कि आर-वॉलेट के जरिए मिलने वाला मौजूदा कैशबैक ऑफर भी जारी रहेगा। लेकिन नई योजना में डिस्काउंट का दायरा बढ़ाकर सभी डिजिटल पेमेंट मोड को शामिल कर लिया गया है।