Digital Payment: अब GPay और Paytm पर बनाएं अपनी पसंद की UPI ID, मोबाइल नंबर रहेगा सुरक्षित

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Mon, 06 Oct 2025 08:00 AM IST
सार

Create Custom UPI ID:

डिजिटल पेमेंट को और सुरक्षित बनाने के लिए Google Pay और Paytm ने यूजर्स को बड़ी राहत दी है। अब आप अपनी पसंद की कस्टम UPI ID बना सकते हैं। इससे मोबाइल नंबर छिपा रहेगा और लेन-देन के दौरान प्राइवेसी और सुरक्षा दोनों बढ़ जाएंगी।

gpay paytm custom upi id digital payment new feature
UPI - फोटो : Adobe Stock

    विस्तार

    देश में आज करोड़ों लोग डिजिटल पेमेंट के लिए UPI का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अब तक ज्यादातर UPI ID मोबाइल नंबर से जुड़ी होती थी, जिससे प्राइवेसी को लेकर खतरा बना रहता था। अब Google Pay और Paytm ने यूजर्स को अपनी पसंद की UPI ID बनाने की सुविधा दी है। इसका मतलब है कि अब आपका मोबाइल नंबर दूसरों को नहीं दिखेगा और ट्रांजैक्शन भी और सुरक्षित होंगे।

    क्या खास है इस फीचर में

    पहले UPI ID में आपके फोन नंबर के साथ बैंक का नाम भी दिखता था। फोन नंबर दिखने से हमेशा प्राइवेसी का रिस्क रहता था। लेकिन अब UPI के नए फीचर से आप अपने फोन नंबर को पूरी तरह छिपा सकते हैं। इससे न सिर्फ सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि आपको अपनी डिजिटल पहचान बनाने का मौका भी मिलेगा।

    Paytm पर ऐसे बनाएं नई UPI ID

    • सबसे पहले Paytm एप खोलें।
    • अब प्रोफाइल सेक्शन में जाकर “UPI & Payment Settings” पर जाएं।
    • यहां आपको सभी लिंक्ड अकाउंट्स और मौजूदा UPI ID दिखाई देंगी।
    • अब “Create a New UPI ID” पर क्लिक करें।
    • अक्षरों और अंकों का मिलान करके अपनी पसंद की ID बनाएं।
    • चाहें तो एक बैकअप UPI ID भी बना सकते हैं, ताकि पेमेंट फेलियर की स्थिति में ट्रांजैक्शन रुक न जाए।

    GPay पर भी मिलेगा नया विकल्प

    Google Pay यूजर्स को भी अब यह फीचर मिल चुका है। यानी अब यूजर मोबाइल नंबर की जगह अपनी पसंद से बनाई गई UPI ID का इस्तेमाल कर सकेंगे। यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है जो अपनी प्राइवेसी को लेकर सतर्क रहते हैं।

    बदला गया UPI का एक अहम नियम

    नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने हाल ही में UPI सिस्टम में एक बड़ा बदलाव किया है। 1 अक्टूबर 2025 से P2P Collect Request फीचर को बंद किया जा रहा है। इसका मतलब है कि अब कोई भी यूजर “कलेक्ट रिक्वेस्ट” भेज या प्राप्त नहीं कर सकेगा। अब सिर्फ डायरेक्ट ट्रांसफर ही संभव होगा। NPCI ने यह फैसला इसलिए लिया है क्योंकि कई फ्रॉडस्टर्स इस फीचर का गलत इस्तेमाल कर रहे थे। लोग गलती से कलेक्ट रिक्वेस्ट अप्रूव कर देते थे और उनके अकाउंट से पैसे कट जाते थे।

    GPay और Paytm का यह नया फीचर डिजिटल पेमेंट्स को और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। अब न तो मोबाइल नंबर साझा करना पड़ेगा और न ही प्राइवेसी का खतरा रहेगा। अगर आप डिजिटल लेन-देन करते हैं, तो कस्टम UPI ID बनाना एक स्मार्ट कदम साबित हो सकता है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें