Google Translate: गूगल ट्रांसलेट का नया कमाल फीचर, जानिए कैसे हेडफोन में सीधे लाइव सुन सकेंगे अनुवाद?
गूगल ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए ‘रियल-टाइम हेडफोन ट्रांसलेशन’ नाम का एक नया फीचर लॉन्च किया है, जो फिलहाल बीटा वर्जन में उपलब्ध है। यह फीचर 70 से ज्यादा भाषाओं को सपोर्ट करता है और लाइव बातचीत या ऑडियो का अनुवाद सीधे यूजर के हेडफोन में सुनाता है।

विस्तार
गूगल ट्रांसलेट ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक नया और बेहद काम का फीचर लॉन्च किया है। इस फीचर का नाम है 'रियल-टाइम हेडफोन ट्रांसलेशन'। यह फीचर अभी बीटा वर्जन में है और 70 से ज्यादा भाषाओं को सपोर्ट करता है। अब आप किसी दूसरी भाषा में हो रही बातचीत या ऑडियो को सीधे अपने हेडफोन में अनुवाद के रूप में सुन सकते हैं।
विदेश यात्रियों के लिए जबरदस्त फीचर
आज भी अलग-अलग भाषाओं की वजह से लोगों को खासकर विदेश यात्रा के दौरान काफी दिक्कत होती है। इसे आसान बनाने के लिए गूगल ने यह नया फीचर पेश किया है। यह फीचर आपके सामान्य हेडफोन को एक लाइव ट्रांसलेटर बना देता है। इसके जरिए अब स्क्रीन पर अनुवाद पढ़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गूगल ट्रांसलेट सामने से आने वाली भाषा को सुनेगा और उसका अनुवाद तुरंत आपके कानों तक पहुंचा देगा। गूगल का कहना है कि यह फीचर बोलने वाले के लहजे, बोलने की गति और जोर को भी समझने की कोशिश करता है, ताकि अनुवाद ज्यादा प्राकृतिक लगे। अच्छी बात यह है कि यह फीचर तार और ब्लूटूथ वाले दोनों तरह के हेडफोन के साथ काम करता है।
कैसे कर सकते हैं हेडफोन से लाइव ट्रांसलेशन?
इस फीचर को इस्तेमाल करना बहुत आसान है। सबसे पहले आपको अपने एंड्रॉयड फोन में गूगल ट्रांसलेट एप खोलना है। इसके बाद अपने तार वाले या ब्लूटूथ हेडफोन से अपने फोन को कनेक्ट करना है। यहां आपको 'लाइव ट्रांसलेट' विकल्प दिखेगा, इस पर टैप करें। अब जिस भाषा को आप सुन रहे हैं और जिस भाषा में अनुवाद चाहिए, वह चुनें। और अब अनुवादित आवाज सीधे आपके हेडफोन में आएगी। यह फीचर लाइव बातचीत, भाषण, लेक्चर और ट्रैवल के दौरान बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है।
नए फीचर में जेमिनी एआई को भी जोड़ा
गूगल ने ट्रांसलेशन को और स्मार्ट बनाने के लिए इसमें जेमिनी एआई को भी जोड़ा है। अब यह एप सिर्फ शब्द-दर-शब्द अनुवाद नहीं करता, बल्कि बात का मतलब और संदर्भ भी समझता है। उदाहरण के लिए अंग्रेजी मुहावरा 'Stealing my thunder' अब इसका अनुवाद शब्दों के आधार पर नहीं, बल्कि उसके सही अर्थ के हिसाब से किया जाएगा। इससे अनुवाद ज्यादा स्वाभाविक और समझने लायक हो जाता है।
किन भाषाओं और देशों में मिलेगा यह अपडेट?
यह अपडेट अभी भारत और अमेरिका में रोलआउट हो रहा है। अंग्रेजी से हिंदी, स्पेनिश, जर्मन, जापानी, अरबी और चीनी समेत करीब 20 भाषाओं को सपोर्ट करता है।
आपको यह फीचर कब मिलेगा?
फिलहाल यह फीचर भारत, अमेरिका और मैक्सिको में एंड्रॉयड फोन पर बीटा वर्जन में उपलब्ध है। गूगल के मुताबिक, आईफोन यूजर्स और दूसरे देशों में यह फीचर 2026 तक आएगा। यानी आईओएस यूजर्स को अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।