Google Photos: नए साल से गूगल फोटोज के साथ नहीं मिलेगी अनलिमिटेड स्टोरेज

पिछले कुछ सालों में यदि आप गौर से देखें तो आपको पता चलेगा कि गूगल अपनी सेवाओं को लेकर लगातार रणनीति बदल रहा है। यूट्यूब की प्रीमियम सर्विस के बाद गूगल ने अपने फोटो एप गूगल फोटोज (Google Photos) के कुछ फीचर्स को हाल ही में शुल्क आधारित करने का फैसला लिया था, वहीं अब कंपनी ने अपने लाखों ग्राहकों को बड़ा झटका देते हुए गूगल फोटोज के साथ मिलने वाली अनलिमिटेड स्टोरेज को हटाने का फैसला लिया है।
नए साल से नहीं मिलेगी अनलिमिटेड स्टोरेज
गूगल ने कहा है कि एक जून 2021 से गूगल फोटोज के साथ हाई क्वॉलिटी फोटोज के लिए फ्री स्टोरेज नहीं मिलेगी। सीधे शब्दों में कहें तो एक जून 2021 से गूगल फोटोज में स्टोर होने वाली फोटोज-वीडियो की स्टोरेज के लिए आपके जीमेल अकाउंट के साथ मिलने वाली 15 जीबी फ्री स्टोरेज का इस्तेमाल होगा।
अभी मिलती है अनलिमिटेड स्टोरेज
बता दें कि गूगल फोटोज के साथ हाई क्वालिटी इमेज के लिए भी अनलिमिटेड स्टोरेज मिलती है। गूगल के मुताबिक गूगल फोटोज में 4 ट्रिलियन से अधिक फोटोज स्टोर हो चुके हैं। गूगल का कहना है कि प्रत्येक सप्ताह गूगल फोटोज एप में 28 बिलियन नई फोटोज और वीडियोज अपलोड होते हैं। गूगल ने कहा है कि यदि आप अपने फोटोज को नहीं खोना चाहते हैं तो एक जून 2021 से पहले आप अपने फोटोज और वीडियोज का बैकअप ले सकते हैं। साथ ही डेडलाइन से पहले आप अपनी फोटोज को गूगल फोटोज पर अपलोड भी कर सकते हैं।
गूगल वन सेवा हुई शुरू
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गूगल ने हाल ही में गूगल वन (Google One) नाम से एक नई सेवा शुरू की है जो कि क्लाउड स्टोरेज की सेवा है। गूगल वन एक शुल्क आधारित क्लाउड सर्विस है। यदि आपका काम 15 जीबी की स्टोरेज से पूरा नहीं हो रहा है तो आप गूगल वन की पेड सेवा ले सकते हैं।