Google ने सात साल बाद बदला Gmail का लोगो, यूजर्स को नहीं आया पसंद

गूगल ने हाल ही में अपने कई प्रोडक्ट्स के लोगो बदले हैं। इन्हीं में जीमेल (Gmail) भी शामिल है। Gmail के नए लोगो में M को चार रंगों से बनाया गया है जिसमें ब्लू, रेड, ग्रीन और पॉप ऑफ येल्लो शामिल हैं। इससे पहले जीमेल के लोगो में सिर्फ दो कलर रेड और व्हाइट थे, हालांकि गूगल के इस फैसले से जीमेल यूजर्स कुछ खास खुश नहीं हैं।
कई यूजर्स ने इस बात की शिकायत की है कि अचानक से लोगो बदलने के कारण फोन में जीमेल को खोजना पड़ रहा है। जीमेल के नए लोगो को कई यूजर्स ने कंफ्यूजिंग बताया है। कई यूजर्स ने यहां तक कह दिया है कि साल 2020 पहले से ही इतना बुरा चल रहा है और जीमेल के नए लोगो ने इसे और खराब कर दिया है।
2013 में बदला था जीमेल का लोगो
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले साल 2013 में गूगल ने जीमेल का लोगो बदला था। अब सात साल बाद फिर से जीमेल का क्लासिक लोगो बदल गया है। पहले जीमेल का लोगो एक लिफाफा जैसा था जिसके किनारे पर लाल रंग था जो कि अब गायब हो गया है। नए लोगो में M है जिसकी पहली लाइन को ब्लू, बीच की लाइन को लाल और दूसरी लाइन को हरे रंग से भरा गया है। एम के दाहिनी ओर पीला रंग भी है।
कैलेंडर का भी लोगो बदला
गूगल ने इस बार सिर्फ जीमेल का ही नहीं, बल्कि गूगल कैलेंडर, डॉक्स, मीट और शीट्स का भी लोगो बदला है। लोगो का बदलाव गूगल के जीसूट (G-Suite) के अपडेट का ही हिस्सा है। जीसूट अब गूगल वर्क प्लेस हो गया है।