गूगल क्रोम में आया जेमिनी एआई: ब्राउजर में स्मार्ट साइडबार, हिंदी समेत 8 भारतीय भाषाओं में पूछ सकेंगे सवाल

Suyash Pandey
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीSuyash Pandey
Wed, 11 Mar 2026 11:35 AM IST
सार

Google Gemini Chrome Integration:

गूगल ने क्रोम ब्राउजर इस्तेमाल करने वालों के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है। अब भारत समेत कई देशों में यूजर्स सीधे क्रोम के साइडबार में जेमिनी एआई का इस्तेमाल कर सकेंगे। ये हिंदी सहित 8 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है।

विज्ञापन
Google Brings Gemini AI to Chrome Sidebar for Users in India, Canada and New Zealand
गूगल क्रोम एआई इंटीग्रेशन (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : गूगल

    विस्तार

    अगर आप गूगल क्रोम का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। गूगल ने अपने पावरफुल एआई चैटबॉट जेमिनी को अब क्रोम ब्राउजर में भारत, कनाडा और न्यूजीलैंड के यूजर्स के लिए लॉन्च कर दिया है। अब आपको क्रोम के डेस्कटॉप वर्जन में एक नया साइडबार मिलेगा। यहां से आप सीधे जेमिनी एआई का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसका सीधा मतलब है कि आप स्क्रीन पर मौजूद किसी भी कंटेंट के बारे में झटपट सवाल पूछ सकते हैं या जानकारी निकाल सकते हैं। आइए समझते हैं कि यह नया अपडेट आपके लिए क्या-क्या लेकर आया है:

    अपनी भाषा में कर सकेंगे बात

    भारतीय यूजर्स के लिए सबसे अच्छी बात ये है कि जेमिनी अब कई क्षेत्रीय भाषाओं को सपोर्ट करेगा। अंग्रेजी के अलावा, अब आप हिंदी, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, तेलुगु और तमिल में भी इससे बात कर सकते हैं और अपने काम करवा सकते हैं।

    विज्ञापन

    क्रोम में कैसे काम करेगा जेमिनी?

    जिन यूजर्स को ये अपडेट मिल गया है, उन्हें क्रोम के टैब बार में एक नया 'आस्क जेमिनी' आइकन दिखाई देगा। इस पर क्लिक करते ही एक साइडबार खुलेगा। आप यहां किसी भी खुले हुए टैब को समराइज करने को कह सकते हैं। अगर आप कोई मुश्किल विषय पढ़ रहे हैं तो उसे समझने के लिए इससे क्विज भी बनवा सकते हैं।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    शॉपिंग और ट्रैवल में करेगा मदद

    जेमिनी की सबसे खासियतों में से एक है- कई टैब से एक साथ जानकारी जुटाना। मान लीजिए आप अलग-अलग वेबसाइट्स पर कोई फोन देख रहे हैं या फ्लाइट की टिकटें चेक कर रहे हैं। जेमिनी उन सभी खुले हुए टैब्स को एक साथ पढ़ेगा और आपके लिए कीमतों और फीचर्स की तुलना करके एक आसान लिस्ट बना देगा।

    जीमेल, यूट्यूब और अन्य गूगल एप्स से इंटीग्रेशन

    जेमिनी की खूबी सिर्फ वेब पेजों तक सीमित नहीं है बल्कि ये आपके अन्य गूगल एप्स जैसे जीमेल, मैप्स, कैलेंडर, यूट्यूब, कीप और ड्राइव के साथ भी पूरी तरह से जुड़कर काम करता है। इसकी मदद से अब आप क्रोम के साइडबार में रहते हुए ही सीधे किसी को भी ईमेल ड्राफ्ट करके भेज सकते हैं। इसके अलावा, अगर आप यूट्यूब पर कोई लंबा वीडियो देख रहे हैं तो जेमिनी से उसका टाइमस्टैम्प के साथ एक छोटा सारांश भी मांग सकते हैं ताकि आपका समय बच सके। इतना ही नहीं ये एआई आपकी मीटिंग फिक्स करने और आपके दिनभर का शेड्यूल तैयार करने या बताने में भी आपके एक पर्सनल असिस्टेंट की तरह मदद करेगा।

    'नैनो बनाना 2' से स्मार्ट फोटो एडिटिंग

    क्रोम के अंदर जेमिनी का इस्तेमाल करते हुए आपको 'नैनो बनाना 2' एआई टूल का शानदार सपोर्ट भी मिलता है। ये आपकी फोटो एडिटिंग को एक बिल्कुल नए लेवल पर ले जाता है। इसे एक आसान उदाहरण से समझ सकते हैं- अगर आप ऑनलाइन कोई नया सोफा या फर्नीचर खरीद रहे हैं तो आप बस अपने कमरे की एक फोटो अपलोड करके जेमिनी से पूछ सकते हैं कि वह सोफा वहां रखा हुआ कैसा लगेगा। इसके बाद यह एडवांस एआई आपकी कमरे की फोटो को बदलकर उसमें उस सोफे को सेट करके दिखा देगा। इससे आपको खरीदारी का सही फैसला लेने में बहुत मदद मिलेगी।

    आईफोन यूजर्स के लिए भी खुशखबरी

    यह फीचर सिर्फ डेस्कटॉप तक सीमित नहीं है। गूगल भारत में क्रोम के आईओएस (आईफोन) वर्जन पर भी इसका सपोर्ट दे रहा है। आईफोन यूजर्स को एड्रेस बार में एक 'पेज टूल्स' आइकन मिलेगा। यहां से यूजर्स इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।

    कुछ फीचर अभी भारत में नही

    गूगल ने जनवरी में अमेरिका में एजेंटिक एआई फीचर लॉन्च किया था। इसमें एआई आपके ब्राउजर को कंट्रोल करके आपके लिए काम भी पूरा कर सकता है। हालांकि कंपनी ने फिलहाल यह फीचर भारत, न्यूजीलैंड और कनाडा के यूजर्स के लिए जारी नहीं किया है। कुल मिलाकर क्रोम में जेमिनी के आने से ब्राउजिंग का अनुभव और ज्यादा स्मार्ट और इंटरएक्टिव बनने वाला है। खासकर भारतीय यूजर्स के लिए जो अब इसे अपनी स्थानीय भाषाओं में भी इस्तेमाल कर सकेंगे।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें