TikTok को टक्कर देने की गूगल की बड़ी तैयारी, 825 करोड़ रुपये में खरीदा यह स्टार्टअप
Alter के एक बड़े अधिकारी ने इस सौदे के बारे में लिंकडिन पर जानकारी दी है, हालांकि गूगल की ओर से सौदे की पुष्टि तो हो गई है लेकिन अभी तक सौदे की राशि को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

विस्तार
गूगल ने AI अवतार स्टार्टअप Alter को खरीद लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक Alter एआई आधारित अवतार है जो वीडियो क्रिएटर्स के लिए है। Alter काफी हद तक चाइनीज शॉर्ट वीडियो एप टिकटॉक जैसा है। कहा जा रहा है कि Alter को गूगल ने 100 मिलियन डॉलर यानी करीब 825 करोड़ रुपये में खरीदा है। Alter में माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर का भी निवेश है।
Alter के एक बड़े अधिकारी ने इस सौदे के बारे में लिंकडिन पर जानकारी दी है, हालांकि गूगल की ओर से सौदे की पुष्टि तो हो गई है लेकिन अभी तक सौदे की राशि को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Alter के पूर्व सीओओ Jonathan Slimak ने पिछले महीने अपनी लिंकडिन प्रोफाइल को गूगल के कर्मचारी के तौर पर अपडेट किया है। Alter की शुरुआत Facemoji के तौर पर हुई थी जो कि गेम और एप में अवतार क्रिएट करता है। Google ने भी हाल ही में अपने चैट एप में कस्टम इमोजी की सुविधा दी है।
कहा जा रहा है कि गूगल ने यह सौदा यूट्यूब शॉर्ट्स के लिए किया है। मेटा के इंस्टाग्राम रील्स और फेसबुक रील्स की सफलता के बाद गूगल YouTube Shorts पर फोकस कर रहा है। आने वाले समय में यूट्यूब शॉर्ट्स का मुकाबला TikTok से होने वाला है। TikTok को साल 2020 में सुरक्षा कारणों से भारत में बैन कर दिया गया था।