फेसबुक मैसेंजर हुआ अपडेट, ऐप में जुड़े रिएक्शन और मास्क फीचर्स

वीडियो चैट को बेहतर बनाने के लिए फेसबुक ने अपने मैसेंजर ऐप को अपडेट किया है। नए अपडेट में स्नैपचैट के फीचर्स जैसे कई फीचर्स जोड़े गए हैं। फेसबुक मैसेंजर मे फोटो फिल्टर और रिएक्शन जैसे फीचर्स दिए गए हैं। साथ ही मैसेंजर में फेसुबक ऐप वाले 5 रिएक्शन प्यार, हाहा, वाह, उदास और गुस्सा भी जोड़े गए हैं।
ये सभी फीचर्स मैसेंजर के जरिए वीडियो कॉलिंग के दौरान मिलेंगे। वीडियो चैट के दौरान ये सभी रिएक्शन आपको दिखेंगे। जैसे- अगर आप किसी के साथ वीडियो चैट कर रहे हैं और लव वाले रिएक्शन देते हैं तो लव का एनिमेशन चैट वाले यूजर्स की फोटो के चारों ओर पॉप अप के रूप में दिखेंगे। दूसरे शब्दों में कहें तो चैट के दौरान आपको आसमान से गिरते हुए सितारे और एनिमेटेड दिल नजर आएंगे।
रिएक्शन के अलावा फेसबुक ने मैसेंजर में मास्क और फिल्टर भी ऐप में जोड़े गए हैं जो फोन का कैमरा ऑन करने पर मिलेंगे। इसके अलावा यूजर्स वीडियो चैट के दौरान स्क्रीनशॉट भी ले सकेंगे। इसके लिए अलग से एक बटन दिया जाएगा। वीडियो चैट के दौरान यूजर्स को इसकी भी सुविधा होगी कि वे फिल्टर में कैसे दिख रहे हैं, यानी शेयर करने और लाइव होने से पहले वे फिल्टर और मास्क देख सकेंगे।