BGMI BAN: स्थायी तौर पर बैन नहीं हुआ है गेम, जल्द होगी धमाकेदार वापसी

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीप्रदीप पाण्डेय
Sat, 06 Aug 2022 11:19 AM IST
सार

Skyesports के फाउंडर और सीईओ शिव नंदी ने अपने एक बयान में कहा है कि BGMI पर बैन अस्थायी है। गेम की वापसी जल्द ही होगी। बता दें कि बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया गेम को Krafton ने डेवलप किया है।

Battlegrounds Mobile India aka BGMI Ban to Be Temporary Claims Skyesports CEO
BGMI BAN - फोटो : BGMI

    विस्तार

    बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (BGMI) ने पिछले महीने ही भारत में अपनी एनिवर्सरी मनाई है। भारत में BGMI के प्लेयर्स की संख्या भी 100 मिलियन के आंकड़े को पार कर गई है, लेकिन इसी बीच गेम पर बैन लगा दिया गया है। BGMI को गूगल प्ले-स्टोर और एपल के एप स्टोर से हटा दिया गया है।

    गूगल ने अपने एक बयान में कहा है कि भारत सरकार के आदेश के बाद BGMI को प्ले-स्टोर से हटाया गया है, हालांकि कारण अभी भी स्पष्ट नहीं है। Skyesports के फाउंडर और सीईओ शिव नंदी ने अपने एक बयान में कहा है कि BGMI पर बैन अस्थायी है। गेम की वापसी जल्द ही होगी। बता दें कि बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया गेम को Krafton ने डेवलप किया है, हालांकि इसका संचालन देश में Skyesports करती है।

    शिव नंदी ने कहा कि गेम को सिर्फ ब्लॉक किया गया है। इसे पूरी तरह से बैन नहीं किया गया है। नंदी ने TikTok की वापसी की ओर भी इशारा किया है। TikTok जून 2020 से भारतीय बाजार से गायब है। BGMI को दक्षिण कोरिया की कंपनी Krafton ने तैयार किया है, जबकि इसकी साझेजारी चाइनीज कंपनी Tencent गेम्स के साथ है।

    कहा जा रहा है कि भारतीय प्लेयर्स का डाटा चाइनीज सर्वर पर जाने को लेकर भारत सरकार ने BGMI को ब्लॉक किया है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि New State Mobile अभी भी गूगल प्ले-स्टोर और एपल के एप स्टोर पर मौजूद है और इस गेम को भी Krafton ने ही पब्लिश किया है।

    BGMI को जुलाई 2021 में लॉन्च किया गया था। BGMI को 2020 में बैन हुए पबजी का नया अवतार कहा जाता है। लॉन्चिंग के साथ ही BGMI ने लोकप्रियता की सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और बैन होने तक इसके यूजर्स की संख्या 100 मिलियन से अधिक हो गई थी। कंपनी ने भारत में ई-स्पोर्ट्स के लिए करीब 80 करोड़ का निवेश भी किया है।