Zoho: देसी मैसेजिंग एप Arattai ने प्रॉब्लम का निकाल लिया सॉल्यूशन, आज से मिलेगा ये बड़ा सिक्योरिटी अपडेट
मेड-इन-इंडिया मैसेजिंग एप Arattai आज रात बड़ा बदलाव करने जा रहा है। कंपनी एप में एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन शुरू करने जा रही है। Zoho के फाउंडर श्रीधर वेम्बू ने यूजर्स को तुरंत एप अपडेट करने और अपने कॉन्टैक्ट्स को भी ऐसा करने का अनुरोध किया है।

विस्तार
मेड-इन-इंडिया मैसेजिंग एप Arattai जल्द ही एक बड़े सिक्योरिटी अपग्रेड के साथ खुद को नया रूप देने जा रहा है। Zoho के फाउंडर श्रीधर वेम्बू ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि मंगलवार रात से एप पर एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन फीचर लाइव हो जाएगा। इसके साथ कई और नए ‘कूल फीचर्स’ भी आने वाले समय में एप में जोड़े जाएंगे।
यूजर्स को अपडेट करना होगा Arattai एप
वेम्बू ने यूजर्स से अपील की है कि वे तुरंत प्ले स्टोर या एप स्टोर से Arattai का नया वर्ज़न अपडेट करें और अपने कॉन्टैक्ट्स को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि एंड-टू-एंड एनक्रिप्टेड चैट तभी संभव होगी जब दोनों यूजर एप के लेटेस्ट वर्जन पर हों।
कंपनी ने बताया कि जैसे ही दोनों कॉन्टैक्ट्स लेटेस्ट वर्जन का उपयोग करेंगे, उनके लिए एक नया एंड-टू-एंड एनक्रिप्टेड चैट सेशन अपने-आप बन जाएगा। पुरानी चैट ऑटोमैटिकली आर्काइव हो जाएगी और यूजर को सीधे नए सिक्योर चैट पेज पर रीडायरेक्ट किया जाएगा।
जिन कॉन्टैक्ट्स ने अभी एप अपडेट नहीं किया है, उनके साथ पुरानी चैट सिर्फ तीन दिन तक ही चलेगी। इसके बाद Arattai सभी यूजर्स को मजबूरी में नए वर्जन पर अपग्रेड कर देगी और प्लेटफॉर्म पर एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन पूरी तरह लागू हो जाएगा। यह तीन दिन का समय सिर्फ ट्रांजिशन फेज है।
ग्रुप चैट्स में उपलब्ध नहीं होगा एन्क्रिप्शन
वेम्बू ने यह भी बताया कि फिलहाल ग्रुप चैट्स में एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन उपलब्ध नहीं है, लेकिन कुछ हफ्तों में यह फीचर भी रोल आउट कर दिया जाएगा। वहीं, सिक्योर चैट्स के लिए बैकअप फीचर भी दो हफ्तों में आने वाला है।
पिछले कुछ महीनों में Arattai ने तेजी से लोकप्रियता हासिल की है, खासकर तब जब मंत्रियों और भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम ने मेड-इन-इंडिया एप के उपयोग को बढ़ावा दिया। सोशल मीडिया पर इसके इनवाइट्स और डाउनलोड में तेज उछाल देखा गया, यहां तक कि कई WhatsApp ग्रुप्स में भी Arattai के लिंक खूब शेयर हुए।