I4C की चेतावनी: iPhone यूजर्स सावधान, खोए फोन को ढूंढने के चक्कर में खाली हो सकता है बैंक अकाउंट; ऐसे बचें आप
I4C fake Apple support warning:
अगर आपका आईफोन (iPhone) खो गया है या चोरी हो गया है, तो एपल सपोर्ट के नाम पर आने वाले मैसेज से सावधान हो जाइए। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने एक फिशिंग स्कैम को लेकर चेतावनी जारी की है। इसमें जालसाज नकली फाइंड माई आईफोन का झांसा देकर यूजर्स की एपल आईडी और ओटीपी चुरा रहे हैं।जानिए इस स्कैम के बारे में विस्तार से...

विस्तार
iPhone phishing scam India:
आईफोन यूजर्स के लिए एक बड़ा साइबर अलर्ट सामने आया है। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि साइबर ठग अब एपल सपोर्ट बनकर लोगों को अपने झांसे में फंसा रहे हैं। ये खासतौर पर उन यूजर्स को निशाना बना रहे हैं, जो बिल्कुल असली एपल वेबसाइट जैसे दिखते हैं, लेकिन उनका उद्देश्य एपल आईडी और ओटीपी चोरी करना हाेता है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, I4C की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने इस नए फिशिंग अभियान का खुलासा किया है। एजेंसी के अनुसार जालसाज खुद को एपल टेक सपोर्ट बताकर यूजर्स को मैसेज भेज रहे हैं। जिसमें दावा करते हैं कि आपका खोया हुआ आईफोन मिल गया है या फिर उसे ट्रैक कर लिया गया है। यूजर्स जैसे ही ये देखता है, वह जल्दबाजी में स्कैमर की ओर से भेजे गए लिंक पर क्लिक कर देता है, और इसके बाद वह नकली एपल लॉगिन पेज पर भेज दिया जाता है।
Apple ID कैसे चुराई जा रही है?
I4C के अनुसार यह फिशिंग पेज बिल्कुल एपल के असली Find My iPhone या सपोर्ट पेज जैसा दिखाई देता है। यहां यूजर से एपल आईडी, पासवर्ड और ओटीपी मांगा जाता है। जैसे ही यूजर अपनी जानकारी भरता है, साइबर अपराधी अकाउंट का एक्सेस हासिल कर लेते हैं। इसके बाद वे चोरी हुए iPhone से जुड़ी Apple ID हटाकर डिवाइस पर पूरा कंट्रोल ले सकते हैं।
यह स्कैम क्यों खतरनाक है?
यह स्कैम इसलिए भी खतरनाक माना जा रहा है कि क्योंकि यूजर पहले से ही अपने डिवाइस के चोरी हो जाने के तनाव में होता है। इसके बाद वह इसी घबराहट और जल्दबाजी का फायदा उठाकर नकली लिंक पर क्लिक कर देता है। इससे उसको डाटा स्कैमर के पास पहुंच जाता है और एक बार एपल अकाउंट हैक होने के बाद यूजर का डेटा, फोटो, कॉन्टैक्ट्स और बैंकिंग जानकारी भी खतरे में पड़ सकती है।

I4C ने क्या सलाह दी?
- ऐसे में I4C ने यूजर्स से कहा है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, खासकर उन मैसेज पर जो अंतरराष्ट्रीय नंबर या संदिग्ध SMS हेडर से आते हैं। एजेंसी ने यह भी कहा है कि लॉगिन करने से पहले वेबसाइट का URL ध्यान से जरूर देखें।
- अगर URL में कोई गड़बड़ी दिखे, तो तुरंत पेज बंद कर दें। इसके अलावा सिर्फ आधिकारिक एपल सर्विस का करें इस्तेमाल। I4C ने साफ किया है कि iPhone खोजने या लॉक करने के लिए केवल एपल की आधिकारिक फाइंड डिवाइसेस सर्विस का ही इस्तेमाल करें। किसी भी रिकवरी मैसेज या सपोर्ट लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी प्रामाणिकता जरूर जांच लें।
- किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
- Apple ID और OTP किसी के साथ शेयर न करें।
- केवल आधिकारिक Apple वेबसाइट का इस्तेमाल करें।
- टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन हमेशा ऑन रखें।
- फोन खोने पर तुरंत Apple की आधिकारिक सर्विस से डिवाइस लॉक करें।