Meta: हैकिंग वेबसाइट पर लीक हुआ यूजर्स का डेटा, आयरलैंड ने मेटा पर लगाया करीब 27 करोड़ डॉलर का जुर्माना

निर्मल कांत
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, डबलिननिर्मल कांत
Mon, 28 Nov 2022 09:54 PM IST
सार

हैकिंग वेबसाइट पर आधे 50 करोड़ से ज्यादा यूजर्स का डेटा लीक होने के बाद आयरलैंड ने बहु राष्ट्रीय कंपनी मेटा के खिलाफ कार्रवाई की है। देश के डेटा रेगुलेटर ने मेटा पर 265 मिलियन यूरो (27.5 करोड़ डॉलर) का जुर्माना लगाया है।

Irish regulator fines Meta 265 million euros over data breach
meta - फोटो : facebook

    विस्तार

    हैकिंग वेबसाइट पर आधे 50 करोड़ से ज्यादा यूजर्स का डेटा लीक होने के बाद आयरलैंड ने बहु राष्ट्रीय कंपनी मेटा के खिलाफ कार्रवाई की है। देश के डेटा रेगुलेटर ने मेटा पर 265 मिलियन यूरो (27.5 करोड़ डॉलर) का जुर्माना लगाया है। मेटा फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप जैसी सहायक कंपनियों का मूल संगठन है।

    दरअसल, मामला फेसबुक के व्यक्तिगत डेटा के एक एकत्रित डेटाबेस की खोज से संबंधित था जिसे ऑनलाइन उपलब्ध कराया गया था। अप्रैल 2021 में इसकी जांच शुरू की गई थी। जांच पूरी होन के बाद अब यह जुर्माना लगाया गया है। सरकार की ओर से फेसबुक को कई सुधारात्मक उपाय करने का भी आदेश दिया गया था।

    वहीं, मेटा ने कहा कि उसने आयरलैंड के डेटा प्राइवेसी कमिश्नर (डीपीसी) द्वारा की गई जांच में पूरा सहयोग किया है और अपने सिस्टम में बदलाव किया है। इस बदलाव में फोन नंबर्स के इस्तेमाल वाले फीचर्स को हटाना भी शामिल था।

    यह चौथी बार है जब आयरलैंड के डेटा प्राइवेसी कमिश्नर ने मेटा की एक कंपनी के खिलाफ जुर्माना लगाया है। डीपीसी, यूरोपीय यूनियन (ईयू) के भीतर मेटा का प्रमुख प्राइवेसी रेगुलेटर भी है और इसने 13 अन्य सोशल मीडिया समूहों से भी पूछताछ की है।

    आरलैंड में यूरोपीय यूनियन का मुख्यालय होने के कारण डीपीसी ऐपल, गूगल, टिकटॉक और अन्य टेक्नोलॉजी से जुड़ी दिग्गज कंपनियों को रेगुलेट करता है। मौजूदा समय में इस तरह की चालीस फर्मों से पूछताछ चल रही है, जिनमें मेटा से जुड़े 13 शामिल हैं।

    आयरलैंड के डेटा रेगुलटर के पास यूरोपीय यूनियन के जीडीपीआर (जनरल डेटा प्रोटेक्शन रेगुलेशन) वन स्टॉप शॉप के तहत 2018 में शुरू की गई कंपनियों के वैश्विक राजस्व पर चार फीसदी तक का जुर्माना लगाने की शक्ति है।