Google: गूगल बंद करने जा रहा है अपना फ्री 'डार्क वेब मॉनिटरिंग' टूल, जानिए क्या है वजह?

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Tue, 16 Dec 2025 05:20 PM IST
सार

गूगल ने घोषणा की है कि वह अगले साल अपना फ्री 'डार्क वेब मॉनिटरिंग' टूल बंद करने जा रहा है। यह टूल यूजर्स को यह जानकारी देता था कि उनका ईमेल, फोन नंबर या अन्य निजी डाटा डार्क वेब पर लीक हुआ है या नहीं।

Google to Shut Down Its Free Dark Web Monitoring Tool: Here’s Why the Company Is Ending the Service
गूगल डार्क वेब मॉनिटरिंग टूल - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    गूगल ने अपने यूजर्स को एक बड़ा झटका देते हुए एलान किया है कि वह अगले साल अपने फ्री 'डार्क वेब मॉनिटरिंग टूल' को बंद कर देगा। कंपनी अगले साल की शुरुआत से डार्क वेब रिपोर्ट भेजना बंद कर देगी। यह टूल यूजर्स के लिए काफी मददगार था, क्योंकि यह बताता था कि क्या उनकी निजी जानकारी इंटरनेट की छिपी दुनिया यानी 'डार्क वेब' पर लीक हुई है या नहीं।क्या था यह टूल और कैसे काम करता था?शुरुआत में यह सुविधा विशेष रूप से 'गूगल वन' सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध थी। लेकिन 2024 के मध्य में गूगल ने इसे सभी यूजर्स के लिए फ्री कर दिया था। जब भी आप इसे ऑन करते थे, तो किसी डाटा ब्रीच के कारण आपका नाम, ईमेल पता या फोन नंबर लीक होने पर आपको नोटिफिकेशन मिलता था। यूजर अपने गूगल अकाउंट पर देख सकते थे कि उनका कौन सा डाटा लीक हुआ है।

    गूगल इसे क्यों बंद कर रहा है?

    गूगल ने अपने ईमेल में बताया कि वह डार्क वेब रिपोर्ट्स को इसलिए बंद कर रहा है क्योंकि 'फीडबैक से पता चला है कि यह टूल यूजर्स को मददगार अगले कदम नहीं बताता था'। आसान शब्दों में कहें तो, यह टूल सिर्फ यह जानकारी देता था कि आपका डाटा डार्क वेब पर मौजूद है, लेकिन यह गाइड नहीं करता था कि इसके बाद यूजर को सुरक्षा के लिए क्या करना चाहिए। कंपनी ने कहा कि अब वह ऐसे टूल्स पर फोकस करेगी जो यूजर्स को स्पष्ट और काम आने वाले कदम उठाने में मदद कर सकें।

    ये तारीखें हैं अहम

    गूगल ने इस सर्विस को बंद करने के लिए दो तारीखें तय की हैं। 15 जनवरी 2026 को गूगल डार्क वेब के नए नतीजों को मॉनिटर करना बंद कर देगा। 16 फरवरी 2026 को आपके अकाउंट से रिपोर्ट का एक्सेस पूरी तरह हटा दिया जाएगा। अगर आप चाहें तो टूल के ऑफिशियल पेज पर 'results with your info' सेक्शन में जाकर अभी अपनी मॉनिटरिंग प्रोफाइल को हटा सकते हैं।