Xiaomi लॉन्च करेगी इन-डिस्प्ले कैमरा वाला दुनिया का पहला स्मार्टफोन

चीन की एपल कही जाने वाली कंपनी Xiaomi जल्द ही एक ऐसा स्मार्टफोन लाने की तैयारी कर रही है जिसमें कैमरा आपको दिखेगा ही नहीं। अभी तक आप अपने स्मार्टफोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर का ही मजा ले रहे हैं लेकिन अगले साल आपके हाथ में एक ऐसा स्मार्टफोन हो सकता है जिसमें इन-डिस्प्ले कैमरा होगा।
खबर है कि शाओमी इन-डिस्प्ले कैमरे वाले स्मार्टफोन पर तेजी से काम कर रही है, यहां तक कि फोन का प्रोडक्शन भी शुरू हो गया है। शाओमी की इस टेक्नोलॉजी को लेकर एक्सपर्ट को भरोसा तो है लेकिन एक सवाल भी उठ रहा है कि कंपनी डिस्प्ले के बीच में कैमरे के पिक्सल की डेंसिटी को कैसे मैनेज करेगी, हालांकि शाओमी का दावा है कि उसने इस समस्या का समाधान कर लिया है। शाओमी ने अपनी इस टेक्नोलॉजी के बारे में अपने ब्लॉग में जानकारी दी है।
शाओमी ने इन-डिस्प्ले कैमरा टेक्नोलॉजी के लिए खुद ही पिक्सल का इंतजाम किया है। कंपनी का दावा है कि डिस्प्ले में मौजूद कैमरा में सब-पिक्सल के गैप एरिया से लाइट मिलेगी। कंपनी का दावा है कि कॉम्पेटिंग टेक्नोलॉजी के जरिए पिक्सल को आसानी से डबल किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: अपने शरीर से ही चार्ज कर सकेंगे स्मार्टफोन, नहीं पड़ेगी बिजली की जरूरत
गौरतलब है कि शाओमी दो सितंबर को भारत में अपना नया स्मार्टफोन Redmi 9A लॉन्च करने वाली है। Redmi 9A, Redmi 8A का अपग्रेडेड वर्जन होगा हालांकि इस फोन के फीचर्स के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है। Redmi 9A की लॉन्चिंग के लिए Xiaomi दो सितंबर को दोपहर 12 बजे एक वर्चुअल इवेंट का आयोजन करेगी। कंपनी ने इसके लिए एक माइक्रोसाइट भी तैयार की है।
इस माइक्रोसाइट पर कंपनी ने फोन के कुछ फीचर्स के बारे में जानकारी दी है। जैसे कि Redmi 9A की पहली सेल चार सितंबर को होगी। Redmi 9A की शुरुआती कीमत 7,000 रुपये के करीब हो सकती है। Redmi 9A में एंड्रॉयड 10 आधारित MIUI 11 मिलेगा। इसके अलावा इसमें 6.53 इंच की एचडी प्लस डिस्प्ले होगी जिसकी डिजाइन वाटरड्रॉप होगी।
इसके अलावा इस फोन में मीडियाटेक का ऑक्टाकोर हीलियो G25 प्रोसेसर मिलेगा। फोन में 3 जीबी रैम और 32 जीबी की स्टोरेज मिल सकती है। कैमरे की बात करें तो इस फोन में 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलेगा। रियर कैमरे के साथ फ्लैश लाइट मिलेगी। Redmi 9A में 5000mAh की बैटरी मिलेगी जो 10वॉट की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।