शाओमी ने 5 मिनट में बेचे 200 करोड़ के पोको एफ1 स्मार्टफोन

शाओमी के सब-ब्रांड पोको ने हाल ही में भारत में अपना पहला स्मार्टफोन पोको एफ1 लांच किया है। पोको एफ1 की पहली सेल 29 अगस्त को थी। पहली सेल को लेकर कंपनी ने दावा किया है कि सिर्फ 5 मिनट में 200 करोड़ रुपये का पोको एफ1 स्मार्टफोन बिका है, हालांकि कंपनी ने कितने फोन बिके हैं इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। ऐसे में खुद भी अनुमान लगाना मुश्किल है कि कितने यूनिट्स की बिक्री हुई, क्योंकि अलग-अलग वेरियंट की कीमत अलग-अलग है। बता दें कि पोको एफ1की पहली सेल फ्लिपकार्ट और एमआई डॉट कॉम से 29 अगस्त को हुई थी।
शाओमी पोको एफ1 की कीमत और लांचिंग ऑफर्स
शाओमी पोको एफ1 के 6gb/64gb वेरियंट की कीमत 20,999 रुपये और 6GB/128GB वेरियंट की कीमत 23,999 रुपये और 8GB/256GB मॉडल की कीमत 28,999 रुपये है। पहली सेल में HDFC कार्ड से फोन खरीदने वालों को 1000 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा। साथ ही जियो की ओर से 6TB डाटा और 8,000 रुपये का फायदा मिलेगा। फोन के साथ एक कवर भी फ्री में मिलेगा।
शाओमी पोको एफ1 की स्पेसिफिकेशन
शाओमी पोको एफ1 की स्पेसिफिकेशन की बात करें तो इसमें 6.18 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले मिलेगी जिसका आस्पेक्ट रेशियो 18.7:9 होगा। इसके अलावा फोन में डुअल सिम सपोर्ट, एंड्रॉयड ओरियो 8.1, स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर, ग्राफिक्स के लिए एड्रेनो 630 जीपीयू, 6/8 जीबी रैम और 64/128 जीबी की स्टोरेज मिलेगी। इसके अलावा फोन में लिक्विड कूल कूलिंग सिस्टम और फिंगरप्रिंट सेंसर मिलेगा।
फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा सेटअप होगा जिसमें एक लेंस 12MP का और दूसरा 5MP का होगा। कैमरे के साथ एआई और फेस अनलॉक का सपोर्ट मिलेगा। वहीं फ्रंट कैमरा 20 मेगापिक्सल का एआई सपोर्ट वाला होगा। रियर कैमरे से 4K वीडियो रिकॉर्ड किया जा सकता है। वहीं फ्रंट कैमरे के साथ पोट्रेट मोड, ब्लूटिफाई मोड और अन्य फीचर्स मिलेंगे।
कनेक्टिविटी की बात करें तो फोन में डुअल सिम सपोर्ट, 4G VoLTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ 5.0, जीपीएस, 3.5 एमएम का हेडफोन जैक और यूएसबी टाइप-सी मिलेगी। फोन में 4000mAh की बैटरी मिलेगी और क्वॉलकॉम का क्विक चार्ज 3.0 फास्ट चार्जिंग का भी सपोर्ट मिलेगी।