Xiaomi Pad 5 Review: क्या यह 30 हजार की रेंज में बेस्ट एंड्रॉयड टैबलेट है?
Xiaomi Pad 5 के 6 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 26,999 रुपये और 6 जीबी रैम के साथ 256 जीबी स्टोरेज की कीमत 28,999 रुपये है। टैबलेट को कॉस्मिक ग्रे और पर्ल व्हाइट कलर में खरीदा जा सकेगा।

विस्तार
शाओमी इंडिया ने हाल ही में अपने नए टैबलेट Xiaomi Pad 5 को भारत में लॉन्च किया है। Xiaomi Pad 5 में 120Hz रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले दी गई है। इसके अलावा इसमें स्नैपड्रैगन 860 प्रोसेसर दिया गया है। Xiaomi Pad 5 के 6 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 26,999 रुपये और 6 जीबी रैम के साथ 256 जीबी स्टोरेज की कीमत 28,999 रुपये है। टैबलेट को कॉस्मिक ग्रे और पर्ल व्हाइट कलर में खरीदा जा सकेगा। आइए रिव्यू में जानते हैं कि क्या 30 हजार रुपये की रेंज में यह एक बेस्ट टैबलेट है?
Xiaomi Pad 5 Review: डिजाइन

Xiaomi Pad 5 पैड की डिजाइन प्रभावित करने वाली है। पहली बार हाथ में लेने के बाद ही आप कहेंगे कि वाह, क्या टैबलेट है। इसका कुल वजन 511 ग्राम है, हालांकि आईपैड 9 इससे हल्का है। बॉडी स्लिम है और बैक पैनल पर पॉलिकार्बोनेट है। बिल्ड क्वॉलिटी को लेकर रिव्यू के दौरान हमें कोई शिकायत नहीं हुई। पावर बटन को सबसे ऊपर जगह दी गई है। आईपैड में भी पावर बटन ऊपर की ओर ही है। लेफ्ट में कीबोर्ड के लिए pogo पिन है और चार्जिंग के लिए टाईप-सी पोर्ट है।

Xiaomi Pad 5 के लुक को आईपैड जैसी बनाने की कोशिश की गई है। शाओमी का यह टैब 6.9mm पतला है। बैक और फ्रंट में उंगलियों के निशान हद से ज्यादा आते हैं। यह टैबलेट कॉस्मिक ग्रे और पर्ल व्हाइट कलर में मौजूद है। हमारे पास कॉस्मिक ग्रे वेरियंट था। ओवरऑल डिजाइन को लेकर हमें कोई समस्या नहीं है। डिजाइन के मामले में अपनी रेंज में यह एक नया टैब है।
Xiaomi Pad 5 Review: डिस्प्ले

इसमें 11 इंच की WQHD+ ट्रू टोन डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1600x2560 पिक्सल है। डिस्प्ले का रिफ्रेश रेट 120Hz है। इसके साथ डॉल्बी विजन और HDR10 का भी सपोर्ट है। डिस्प्ले के कलर्स अच्छे हैं और ओटीटी एप्स के लिए 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ Dolby Vision और HDR10+ का सपोर्ट भी मिलता है तो यदि आप एंटरटेनमेंट के लिए इस टैब को खरीदते हैं तो यह आपको निराश नहीं करेगा। डिस्प्ले के कंटेंट को जूम भी किया जा सकता है। डिस्प्ले की क्वॉलिटी बेस्ट है। ब्राइटनेस, शार्पनेस और कलर्स को लेकर दिक्कत नहीं है। डिस्प्ले का स्क्रॉल भी काफी स्मूथ है।